दशहरा पर अखिलेश की सियासत, बोले- ‘दान-चोर के दानव मार गिरायें’
देश भर में आज विजय दशमी का पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. इसमें राजनीतिक दल भी अपने-अपने तरीके से बधाई दे रहे हैं. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बढ़ाई देते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है.जिसमें उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर में दान चोरी का जिक्र किया है.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर विजय दशमी की बधाई देते हुए लिखा, “प्रभु ‘राम’ वही जो सबमें रमायें,दान-चोर के दानव मार गिरायें, ‘दंभी’ की नाभि पर तीर चलायें,‘समतापूर्ण रामराज्य’ जो लायें.” इन लाइनों के जरिए उन्होंने अपने राजनीतिक प्रतिद्वन्दी पर तंज कसा है. समतापूर्ण राज्य की परिकल्पना उनके पीडीए फार्मूले पर ही है.
अपने अंदाज में साधा है निशाना
दरअसल यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में अब कुछ ही महीने बचे हैं, जिसको लेकर सत्तारूढ़ बीजेपी और सपा में लगातार बयानबाजी जारी है. जिसमें दोनों ही तरफ से नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं. सपा प्रमुख अक्सर ही अपनी लाइनों के जरिए बीजेपी पर सवाल उठाते रहते हैं. जिसमें आज उन्होंने विजय दशमी के मौके पर बधाई के साथ ही अयोध्या में राम मंदिर में दान चोरी पर सवाल खड़ा कर दिया है. जिसका मतलब आगामी चुनावों में सपा इसे बीजेपी के खिलाफ राजनैतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करेगी. इसके अलावा उन्होंने अगले महीने संविधान दिवस के दिन अपना चुनावी घोषणा पत्र भी ऐलान करने की बात कही है.
तेज हो सकती है बयानबाजी
उधर इससे पहले लखनऊ में कई संगठनों ने विपक्ष के नेताओं के विवादित पोस्टर लगा दिए थे. इसके अलावा विजय दशमी या आगामी अन्य पर्वों के बहाने एक दूसरे पर बयानबाजी तेज हो सकती है. हालांकि अभी इस पर बीजेपी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन संभावना व्यक्त की जा रही है कि जवाब जरुर मिलेगा. बीजेपी नेता कानून-व्यवस्था को लेकर सपा पर अक्सर हमलावर रहते हैं.
