‘चुनाव आया तो याद आए आजम खान’, अखिलेश यादव पर बरसे राजभर

‘चुनाव आया तो याद आए आजम खान’, अखिलेश यादव पर बरसे राजभर

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की आजम खान के साथ होने वाली मुलाकात पर उत्तर प्रदेश में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तंज कसा है. राजभर ने कहा कि ‘आज के समय में जो मुसलमान अखिलेश यादव और सपा से दूर जा रहा है, उसे रोकने के लिए लंबे अंतराल के बाद चुनाव आने पर, अखिलेश यादव को अचानक आजम खान की याद आई है.

22 अक्टूबर को 12:45 पर आजम खान से करेंगे मुलाकात

दरअसल, उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव 22 अक्टूबर को रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात करेंगे. इस मुलाकात को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम जारी हुआ है. वहीं, कुछ दिन पहले आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा ने सपा चीफ से मुलाकात की थी.

इसके बाद उन्होंने बताया था कि अखिलेश यादव को जब भी समय मिलेगा, वे आजम खान से मुलाकात करेंगे. इसी के मद्देनजर अखिलेश यादव 22 अक्टूबर को 12:45 पर रामपुर जेल पहुंचकर आजम खान से मुलाकात करेंगे. आजम खान से मुलाकात के बाद वे उनके आवास पर पहुंचकर परिवार से भी मुलाकात करेंगे.

अगर चुनाव नहीं होता, तो अखिलेश आजम खान से नहीं मिलते

राजभर ने आगे कहा कि अगर चुनाव नहीं होता, तो अखिलेश ने कभी भी आजम खान से मिलने की जहमत नहीं उठाई होती. इसलिए अखिलेश यादव सिर्फ वोटों को संजोने के लिए उनसे जेल में मिलने जा रहे हैं, जो एक चुनावी जुमला है. यह कदम स्पष्ट रूप से उन मुसलमानों को गुमराह करने की साजिश है, जो वर्तमान में उनसे दूर जा रहे हैं. वहीं, राजभर ने आजम खान के जेल में होने पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके जेल में जाने का पूरा श्रेय समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव और उनके नेताओं को जाता है.

Leave a Reply