दिल्ली में दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी, 3 लेयर सिक्योरिटी रहेगी तैनात

दिल्ली में दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी, 3 लेयर सिक्योरिटी रहेगी तैनात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (20 अक्टूबर) की शाम पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड में आयोजित दशहरा समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल को तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। वहीं, आसपास के इलाकों में यातायात डायवर्जन और कई तरह की पाबंदियां लागू की जाएंगी।

सुरक्षा में तैनात होंगे 2500 जवान, SWAT कमांडो भी रहेंगे मुस्तैद

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों के करीब 2500 जवानों की तैनाती की जाएगी। इनमें दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अंतर्गत आने वाली आतंकवाद रोधी यूनिट स्पेशल वेपन्स एंड टैक्टिक्स (SWAT) के कमांडो भी शामिल होंगे।

सुरक्षा एजेंसियां संभावित खतरों के साथ-साथ कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन या व्यवधान की आशंका को ध्यान में रखते हुए सतर्क हैं।

SPG के हाथों में होगी अंदरूनी सुरक्षा की कमान

प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय घेरा तैयार किया गया है। सबसे अंदरूनी घेरे की जिम्मेदारी स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) संभालेगा। दूसरे घेरे में दिल्ली पुलिस की प्रधानमंत्री सुरक्षा विंग के जवान और विशेष कमांडो तैनात रहेंगे, जबकि तीसरे सुरक्षा घेरे की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस के पास होगी।

रिपोर्ट के अनुसार, SPG ने कार्यक्रम स्थल को अपने नियंत्रण में ले लिया है। पूरे मैदान में एंटी-सबोटेज जांच की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या संभावित खतरे का समय रहते पता लगाया जा सके।

10 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद, बिना पास नहीं मिलेगी एंट्री

उत्सव ग्राउंड में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। प्रधानमंत्री मोदी के शाम लगभग 6:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है।

सुरक्षा कारणों से मैदान में केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया जाएगा, जिनके पास आयोजकों की ओर से जारी वैध एंट्री पास होंगे। प्रत्येक व्यक्ति को अनिवार्य सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।

प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर लगाए गए हैं।

ड्रोन से निगरानी, ऊंची इमारतों की छतों पर विशेष टीमें

पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार के मुताबिक, आईपी एक्सटेंशन मैदान सहित जिले के अन्य दशहरा आयोजन स्थलों पर सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी भी की जा रही है। प्रधानमंत्री के काफिले के संभावित मार्ग और आयोजन स्थल के आसपास स्थित ऊंची इमारतों की सुरक्षा जांच कर उन्हें सुरक्षित किया गया है।

इसके अतिरिक्त, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों और इमारतों की छतों पर विशेष सुरक्षा टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

 

Leave a Reply