‘संजय राउत सुप्रीम कोर्ट जलाना चाहते हैं’, शिवसेना UBT के नेता पर भड़की BJP

‘संजय राउत सुप्रीम कोर्ट जलाना चाहते हैं’, शिवसेना UBT के नेता पर भड़की BJP
संजय राउत

अल्बानिया में विरोध प्रदर्शन के बीच फैली अराजकता को लेकर संजय राउत के बयान ने सियासी लड़ाई तेज कर दी है. शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने हाल ही में एक्स पोस्ट में लिखा था कि अल्बानिया के लोगों ने सुप्रीम कोर्ट को जला दिया है. लोग गुस्से में थे क्योंकि सुप्रीम कोर्ट भ्रष्ट प्रधानमंत्रियों की मदद कर रहा था. भारत को इससे सबक लेना चाहिए. उनका यह बयान आते ही महायुति के नेता भड़क गए और जुबानी हमला तेज हो गया.

शिवसेना यूबीटी छोड़ एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने वाले आनंद दुबे ने संजय राउत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “हमारे देश में कसाई के मनाने से गाय माता नहीं मरा करतीं. इसी तरह अगर कोई हमारे देश को अल्बानिया की तरह जलाए जाने की कामना कर रहा है तो कभी सफल नहीं होगा.”

‘भारत में नहीं होने देंगे अल्बानिया जैसे हालात’

आनंद दुबे ने आगे कहा, “आज विजयदशमी है, अधर्म पर धर्म की जीत का पर्व. जिसकी भी यह कामना है कि भारत जलने लगे या यहां अराजकता फैल जाए, अल्बानिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका या नेपाल जैसे हालात हो जाएं तो ऐसा नहीं होगा.”

केंद्र और राज्य सरकार की तारीफ करते हुए आनंद दुबे ने कहा, “नरेंद्र मोदी की सरकार एक स्थिर सरकार है, महाराष्ट्र की सरकार एक उत्तम सरकार है. जिसकी भी यह कामना है कि सबकुछ नाश हो जाए, उनका खुद ही नाश हो जाएगा लेकिन भारत अजर और अमर है. भारत कल भी खड़ा था, आज भी खड़ा है और कल भी खड़ा रहेगा.”

‘संजय राउत चाहते हैं SC जला दिया जाए’

वहीं, बीजेपी प्रवक्ता किरीट सौमैया ने कहा, “अल्बानिया में सुप्रीम कोर्ट जला दिया गया, संजय राउत इसका स्वागत और समर्थन करते हैं. उन्हें अराजकता चाहिए. पहले राष्ट्रपति जी, फिर चुनाव आयोग, फिर सर्वोच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस, इन सबका अपमान किया, गालियां दीं. अब वो चाहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट जला दिया जाए?”

इतना ही नहीं, बीजेपी नेता ने आगे कहा, “हिंदुस्तान की जनता अराजकता सहन नहीं करेगी. संजय राउत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अवमान याचिका चल रही है. वहां उसको जवाब मिलेगा.”

 

Leave a Reply