वंदे मातरम: कांग्रेस के प्रस्ताव पर भड़की BJP, कहा- आज की नई मुस्लिम लीग

वंदे मातरम: कांग्रेस के प्रस्ताव पर भड़की BJP, कहा- आज की नई मुस्लिम लीग

New Delhi : वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) ने फैसला किया है कि पार्टी के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ के केवल शुरुआती दो छंद ही गाए जाएंगे। कांग्रेस ने अपने इस फैसले को 1937 में लिए गए पुराने प्रस्ताव से जोड़ते हुए कहा कि वह उसी पर कायम है।

कांग्रेस के इस प्रस्ताव पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे ‘आज की नई मुस्लिम लीग’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले जिस मुद्दे को व्यक्तिगत स्तर की घटना बताकर टाल दिया था, अब उसी रुख को पार्टी की आधिकारिक नीति बना दिया है।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी कांग्रेस के फैसले को बेहद निंदनीय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने पार्टी प्रस्ताव को संविधान और संसद से ऊपर मान रही है। त्रिवेदी ने कांग्रेस के मौजूदा रुख की तुलना 1937 में वंदे मातरम को लेकर मुस्लिम लीग के विरोध से करते हुए कहा कि कांग्रेस आज उसी तरह की जिद दोहरा रही है।

वहीं, कांग्रेस का कहना है कि ‘वंदे मातरम’ उसके लिए भावनात्मक मुद्दा है और वह 1937 में लिए गए फैसले का पालन कर रही है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती दो छंदों को लेकर उसका रुख ऐतिहासिक निर्णय पर आधारित है और इसमें सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करने की बात कही गई है।

इस पूरे विवाद के बीच ‘वंदे मातरम’ एक बार फिर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बड़े राजनीतिक मुद्दे के रूप में उभर आया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply