वैभव गोयल बने अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष, गगन गर्ग को महामंत्री की जिम्मेदारी
गंगोह में आयोजित बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन, 35 वर्षों तक अध्यक्ष रहे नरेंद्र तायल का किया स्वागत
गंगोह (सहारनपुर)। अखिल भारतीय वैश्य अग्रवाल महासभा की बैठक में संगठन को नई दिशा देने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। अग्रवाल भवन में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से वैभव गोयल को अध्यक्ष और गगन गर्ग को महामंत्री चुना गया। इसके साथ ही अन्य पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में करण गोयल को कोषाध्यक्ष, नितिन तायल को उपाध्यक्ष और अनमोल बंसल को मंत्री का दायित्व सौंपा गया। नई कार्यकारिणी के गठन पर समाज के लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस दौरान लगातार 35 वर्षों तक संगठन के अध्यक्ष रहे नरेंद्र तायल का भी सम्मान किया गया। समाज के लोगों ने नई टीम को बधाई देते हुए संगठन के कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
नवनियुक्त अध्यक्ष वैभव गोयल और महामंत्री गगन गर्ग ने कहा कि समाज के सभी लोगों को साथ लेकर संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। सामाजिक कार्यों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
बैठक में योगेश गर्ग, विपिन सिंघल, अंकित अग्रवाल, विजय जिंदल, अनुपम गोयल, अमित, अनुज और डॉ. ब्रजेश सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।
