E20 पेट्रोल विवाद पर बोले नितिन गडकरी, कहा- विरोध के पीछे था ‘पेड कैंपेन’

E20 पेट्रोल विवाद पर बोले नितिन गडकरी, कहा- विरोध के पीछे था ‘पेड कैंपेन’

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार (27 अक्तूबर 2026) को कहा कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाने को लेकर हुआ विरोध एक पेड कैंपेन था. यह बयान सरकार की तरफ से सेंट्रल मोटर व्हीकल एक्ट 1989 में बदलाव की अधिसूचना जारी करने के एक दिन बाद आया है. इन बदलावों के तहत अब ऐसे ‘फ्लेक्स-फ्यूल’ वाहनों को अनुमति दी गई है, जो E100 तक पर चल सकते हैं.

उद्योग संगठन CII की तरफ से आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए, गडकरी ने कहा कि भारत जीवाश्म ईंधन के आयात को कम करके अपनी कीमती विदेशी मुद्रा बचा सकता है. उन्होंने कहा, ‘तीन महीने पहले E20 ईंधन के खिलाफ काफी हंगामा किया गया था. अब E20 ईंधन के खिलाफ सारा विरोध खत्म हो गया है. यह एक पेड कैंपेन था. बता दें कि E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिला है.

नेशनल हाइवे की खराब हालत को लेकर शिकायत

नितिन गडकरी  ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ नेशनल हाइवे की खराब हालत को लेकर आई शिकायतों पर ध्यान देते हुए, उन्होंने हाल ही में 700-800 प्रोजेक्ट की समीक्षा की है. उन्होंने कहा, “मैं राजमार्गों की गुणवत्ता के मामले में कोई समझौता नहीं करने वाला हूं.” गडकरी ने भरोसा दिलाया कि अगले दो वर्षों में, नेशनल हाइवे का इस्तेमाल करने वालों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

Leave a Reply