सहारनपुर में पहले मंडलीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन, 100 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू

सहारनपुर में पहले मंडलीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन, 100 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू

मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार बोले- कुक्कुट विकास नीति के तहत अंडा उत्पादन और कुक्कुट विकास में सहारनपुर प्रदेश में पहले स्थान पर

सहारनपुर, 27 अक्टूबर 2026। सहारनपुर में मंगलवार को पहले मंडलीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन किया गया। राज पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 700 पोल्ट्री फार्मर्स, उद्यमियों और पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े लोगों ने प्रतिभाग किया। कॉन्क्लेव के दौरान विभिन्न उद्यमियों और कुक्कुट पालकों ने लगभग 100 करोड़ रुपये के निवेश के लिए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और अति विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान रहे। मंडलायुक्त ने कहा कि कुक्कुट विकास नीति के तहत कुक्कुट विकास और अंडा उत्पादन के क्षेत्र में सहारनपुर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि कुक्कुट पालन ग्रामीण परिवारों को प्रोटीनयुक्त पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ रोजगार के अवसर भी प्रदान करता है। इससे लोगों की आय बढ़ती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।

25 से अधिक कंपनियों ने लगाए स्टॉल

उत्तर प्रदेश शासन के पशुधन विभाग की मंशा के अनुरूप आयोजित कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रदेश में अंडों और कुक्कुट मांस की मांग के अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा मांग और उत्पादन के बीच के अंतर को कम करना था। इसके लिए पोल्ट्री फार्मर्स को नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.पी. सिंह ने अपर निदेशक ग्रेड-2 के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया। कॉन्क्लेव में 25 से अधिक कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए और मंच से अपने उत्पादों व सेवाओं की जानकारी दी। इसमें व्हेन कोब और वेंकी इंडिया का प्रमुख सहयोग रहा। दोनों कंपनियों की ओर से जीएम डॉ. दानवीर सिंह और डॉ. नेत्रपाल उपस्थित रहे।

कुक्कुट विकास नीति-2022 की दी जानकारी

पशुपालन विभाग के निदेशालय, लखनऊ से पहुंचे अपर निदेशक ग्रेड-1 कुक्कुट डॉ. बृजेश त्रिपाठी और उपनिदेशक कुक्कुट ने कुक्कुट पालन, अंडा व्यवसाय के महत्व और कुक्कुट विकास नीति-2022 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।

पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय, दुवासु मथुरा के प्रोफेसर डॉ. अमिताभ भट्टाचार्य ने पोल्ट्री व्यवसाय में इस्तेमाल हो रही प्रमुख तकनीकों और उनके महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, लीड बैंक मैनेजर तथा पीएमबी के प्रतिनिधियों ने कुक्कुट विकास नीति के अंतर्गत बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।

सफल पोल्ट्री फार्मर्स को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मंडल के प्रमुख सफल पोल्ट्री फार्मर्स ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं और व्यवसाय से जुड़े अपने अनुभव बताए। इस अवसर पर विभिन्न पोल्ट्री फार्मर्स और उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कॉन्क्लेव में अपर निदेशक ग्रेड-2, सहारनपुर मंडल डॉ. समदर्शी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार, पोल्ट्री प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. गौरव तिवारी, डॉ. अमित कुमार यादव, बिजेंद्र कुमार, जगत सिंह और मनोज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply