न्यूजीलैंड बॉलर्स के सपनों में आएंगे अभिषेक-वैभव, वीडियो गेम जैसा लगा इंटरनेशनल मैच
New Delhi : न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पहली गेंद से ही गजब का हल्ला बोला. न्यूजीलैंड का जो भी गेंदबाज बॉलिंग करने आ रहा था, ये दोनों चौके-छ्क्के से उसका स्वागत कर रहे थे. हर ओवर में चौकों-छक्कों की ऐसी बरसात हुई कि 199 का विशाल लक्ष्य भारत के सामने बौना साबित हुआ. अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी कै बैटिंग देख ऐसा लग रहा था कि मानो इंटरनेशनल मैच नहीं बल्कि वीडियो गेम देख रहे हैं.
मैदान पर मौजूद कीवी खिलाड़ी, डगआउट में बैठे भारतीय खिलाड़ी, कमेंट्री बॉक्स में बैठे पूर्व क्रिकेटर और स्टैंड में बैठे दर्शक, हर कोई अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बैटिंग देख हैरान था. न्यूजीलैंड के कप्तान और गेंदबाजों ने इन दोनों को रोकने के लिए कई प्लान बनाए. कई बार बॉलर्स ने लेंथ बदली और कप्तान ने फील्डिंग, लेकिन इनके सामने कीवियों का कोई प्लान काम नहीं आया.
जैकब डफी ने न्यूजीलैंड के लिए पहला ओवर किया. इस ओवर में ही 26 रन बन गए. अभिषेक शर्मा ने रिकॉर्ड आठवीं बार मैच की अपनी पहली गेंद पर छक्का लगाया. पुरुष टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में पहली बार पहले ओवर में इतने रन बने. भारत के नाम अब पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड हो गया है.
वेलिंगटन की जीत कई मायनों में भारत के लिए बेहद खास है. इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज पर कब्जा कर लिया है. तीसरे टी20 की बात करें तो न्यूजीलैंड ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 198 रन बनाए थे. जवाब में टीम इंडिया ने महज 13.2 ओवर में टारगेट का पीछा कर लिया. टी20 इंटरनेशनल में 190 से ज्यादा के चेज को सबसे जल्दी हासिल करने वाला भारत दूसरा देश बन गया है.
अभिषेक शर्मा ने इस मैच में 38 गेंद में 113 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 11 छक्के निकले. अभिषेक को उनकी दमदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया. वहीं उनके ओपनिंग जोड़ीदार वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंद में 45 रन बनाए. वैभव के बल्ले से चार चौके और चार छक्के निकले.
इन दोनों ने 7.1 ओवर में 133 रनों की ओपनिंग साझेदारी की. पावरप्ले में दोनों ने भारत का स्कोर 118 पहुंचा दिया था. टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में यह पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है. इन दोनों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की ऐसी पिटाई कि यह कहना गलत नहीं होगा कि वैभव और अभिषेक अब न्यूजीलैंड गेंदबाजों के सपनों में आएंगे. कीवी गेंदबाजों में इन दोनों का खौफ साफ दिख रहा था.
