नानौता में कार-बाइक की जोरदार भिड़ंत, युवक गंभीर घायल; जिला अस्पताल रेफर

नानौता में कार-बाइक की जोरदार भिड़ंत, युवक गंभीर घायल; जिला अस्पताल रेफर
नानौता के गंगोह मार्ग पर कार और बाइक की भिड़ंत के बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाते लोग।

गंगोह मार्ग पर हुआ हादसा, राहगीरों ने घायल को सीएचसी पहुंचाया

नानौता (सहारनपुर)। नगर के गंगोह मार्ग पर मंगलवार दोपहर कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, नगर के मोहल्ला छत्ता निवासी शाद पुत्र दिलशाद एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर काम करता है। मंगलवार दोपहर वह अपने एक साथी के साथ किसी काम से संजय चौक गया था। वहां से लौटते समय गंगोह मार्ग पर कुछ दूरी आगे बढ़ने पर उसकी बाइक की सामने से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और शाद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल युवक को तत्काल सीएचसी पहुंचाया।

सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल का उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

 

Leave a Reply