वन विभग की टीम के हत्थे चढ़े दो शिकारी, दो अन्य फरार

वन विभग की टीम के हत्थे चढ़े दो शिकारी, दो अन्य फरार
  • सहारनपुर में वन विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए शिकारी।

सहारनपुर। वन विभाग की टीम ने मोहंड के जंगल में निरीह जानवरों का शिकार करने वाले दो शिकारियों को नाजायज असलाह सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। जबकि उनके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।

वन विभाग के उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राहुल त्यागी ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत मोहंड रेंज काफी समय से शिकायत मिल रही थी कि कुछ लोग मोहंड के जंगल में वन्य जीवों का शिकार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात मुखबिर की सूचना पर उनके नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मोहंड के जंगल से वन्य जंतुओं का शिकार करने पहुंचे चार शिकारियों को पेलियो के जंगल में घेर लिया। इसी दौरान शिकारियों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया।

वन विभाग की टीम ने घेराबंदी करके दो शिकारियों तनवीर पुत्र खलील अहमद निवासी शेरपुर खान आजादपुर थाना बिहारीगढ़ तथा इरशाद पुत्र शफीक निवासी फतेहपुर पेलियो थाना बिहारीगढ़ को पकड़ लिया। जबकि उनके दो अन्य साथी मुंतजीतर व इमरान निवासीगण शेरपुर खान आजादपुर थाना बिहारीगढ़ मौके से फरार होने में सफल रहे। वन विभाग की टीम ने दबोचे गए शिकारियों के कब्जे से एक देशी राइफल मय एक जिंदा कारतूस व एक नाजायज छूरी बरामद कर उन्हें थाना बिहारीगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने दोनों शिकारियों के खिलाफ धारा-353, 332 आईपीसी, धारा-3/25 आयुध अधिनियम वन्य जीव अधिनियम की धारा-02/27/29/39/ 50/51 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे