UP MLC चुनाव में सपा से जीतने वाले नेताओं से अखिलेश यादव ने किया बड़ा वादा, कहा- हम आएंगे
अखिलेश यादव बोले- जीते हुए उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं का खुद करेंगे सम्मान, विधानसभा चुनाव से पहले भाजपाई साजिशों से सतर्क रहने की अपील
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव परिणाम आने के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित एमएलसी से किसी भी तरह का विजय जुलूस नहीं निकालने की अपील की है। साथ ही कहा कि वह जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों और उनकी सफलता में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं का स्वयं सम्मान करेंगे।
विजय जुलूस नहीं निकालें सपा कार्यकर्ता: अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सभी विजयी उम्मीदवारों और उनके साथियों को जीत की बहुत-बहुत बधाई। हालांकि, इस जीत की खुशी शांतिपूर्ण तरीके से सोशल मीडिया के माध्यम से ही लोगों तक पहुंचाई जाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि किसी तरह का हो-हल्ला या जुलूस नहीं निकाला जाए, ताकि भाजपा के लोग बीच में घुसकर माहौल खराब न कर सकें और समाजवादी पार्टी पर हुड़दंग करने का आरोप न लगा सकें।
विधानसभा चुनाव से पहले सतर्क रहने की नसीहत
अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को हर तरह के षड्यंत्र और झूठे आरोपों से बचकर रहना होगा। उनका आरोप है कि भाजपा किसी भी समय गुंडागर्दी की साजिश रचकर सपा की छवि खराब करने का प्रयास कर सकती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और किसी भी तरह के उकसावे में नहीं आने की अपील की।
जीते हुए एमएलसी और सहयोगियों का खुद करेंगे सम्मान
सपा प्रमुख ने विजयी उम्मीदवारों से एक और महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी नवनिर्वाचित एमएलसी उन लोगों की सूची तैयार करें, जिन्होंने चुनाव में उनका समर्थन और सहयोग किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि वह सभी विजयी उम्मीदवारों का स्वयं अभिनंदन करेंगे। संभव हुआ तो उनके क्षेत्रों में पहुंचकर सम्मान समारोह आयोजित करेंगे। इसके साथ ही चुनाव में मेहनत करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
आगरा में सपा के आकाश अग्रवाल की जीत, लगाए गंभीर आरोप
इस बीच आगरा शिक्षक एमएलसी सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। जीत के बाद उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और मतगणना के दौरान मारपीट तथा बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए।
आकाश अग्रवाल ने कहा कि चुनाव के दौरान उनके शिक्षक साथियों को काफी परेशान किया गया। उन्हें डराया-धमकाया गया और बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाएं देखने को मिलीं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव का स्वरूप अब बदल चुका है। जिस तरह की परिस्थितियां उन्होंने देखीं, उससे प्रदेश सरकार की छवि को लेकर उनकी धारणा भी बदल गई। हालांकि, ये आरोप सपा उम्मीदवार की ओर से लगाए गए हैं।
11 सीटों पर भाजपा और सपा के बीच मुकाबला
समाचार लिखे जाने तक उपलब्ध रुझानों के अनुसार, उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों में से छह पर भाजपा और पांच पर समाजवादी पार्टी बढ़त बनाए हुए थी। इनमें भाजपा के पांच और सपा के दो उम्मीदवारों की जीत की जानकारी सामने आ चुकी थी।
चुनाव परिणामों के बीच अखिलेश यादव का यह संदेश आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासित और सतर्क रखने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
