तिरंगा देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान का प्रतीक: राघव लखनपाल शर्मा
सहारनपुर। हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत भाजपा महानगर सहारनपुर द्वारा तिरंगा यात्राओं की श्रृंखला शुरू की गई। सोमवार को देहात विधानसभा क्षेत्र के मानकमऊ मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा के नेतृत्व में हसनपुर चैक से शिव मंदिर, स्टेट बैंक कॉलोनी होते हुए दिल्ली रोड तक निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष किए।
यात्रा के दौरान पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के त्याग, बलिदान और समर्पण का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ भारत को और अधिक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर पूर्व महापौर संजीव वालिया, मंडल प्रभारी विक्रम शर्मा, मंडल अध्यक्ष जोगिंदर लाला, महानगर उपाध्यक्ष संदीप रावत, महानगर मंत्री विपिन शर्मा, पार्षद सुनील पंवार, मनोनीत पार्षद मुरारी खेतवाल, सारिका गुप्ता, पार्षद मोहर सिंह, योगेश, अजब सिंह, मांगे राम, विजेंद्र शर्मा, अनिल सेन, सतीश शर्मा, मनीष कश्यप, जयश्री, रामचंद्र पांडेय, राहुल यादव, विजय अरोड़ा, जयवीर खटाना, हिमांशु कपिल, अनिल गर्ग, अंजू त्यागी, अनीता मल्होत्रा, हेमंत धीमान सहित महानगर एवं मंडल के पदाधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत 10 से 12 अगस्त तक महानगर के विभिन्न मंडलों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। अभियान के महानगर संयोजक अमित गर्ग तथा सहसंयोजक राजेश जौहरी, बबीता सैनी एवं विपिन शर्मा बनाए गए हैं। भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा देश के प्रति जिम्मेदारी एवं कर्तव्यबोध को जागृत करना है।
