सहारनपुर की दिवंगत साहित्यिक एवं रंगमंचीय हस्तियों को गौरव सम्मान से किया याद
सहारनपुर। शहर में कविता, लेखन और रंगमंच के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर सहारनपुर का नाम रोशन करने वाली दिवंगत साहित्यिक एवं रंगमंचीय हस्तियों की स्मृति में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में दिवंगत गीतकार राजेंद्र राजन, कवि सुरेश सपन, बाल साहित्य के प्रेरणास्रोत कृष्ण शलभ, कवि योगेश छिब्बर, कवयित्री इंद्रा गौड़, विभा मिश्रा, रंगकर्मी विजेश जोशी, शीतल त्यागी, राम कुमार तेजान, शिवपाल, चित्रा भार्गव एवं विजय पाल सिंह को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
इन साहित्यकारों एवं रंगकर्मियों की स्मृति में कवि वीरेश त्यागी, कवि विनोद भृंग, डॉ. संदीप मिश्रा, डॉ. हरिओम गुप्ता, साधना शर्मा, सुमेधा नीरज, संजय गुप्ता, निर्मला सनावर, दिनेश तेजान, प्रवेश धवन, राजीव सिंघल, विपिन शर्मा एवं अंजली शर्मा को गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गीतकार राजेंद्र राजन के मित्र एवं उत्तराखंड के ख्यात रंगकर्मी वीके डोभाल की विशेष उपस्थिति रही। उन्हें भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के विधिवत शुभारंभ से पूर्व गीतकार राजेंद्र राजन की आवाज में उनके गीतों की रिकॉर्डिंग सुनाई गई। राजन की स्मृतियों से जुड़े इस भावुक क्षण में कई श्रोताओं की आंखें नम हो गईं।
वक्ताओं ने कहा कि राजेंद्र राजन केवल लोकप्रिय गीतकार ही नहीं, बल्कि अपने समय और समाज के प्रति गहरी संवेदना रखने वाले रचनाकार थे। उनकी रचनाओं में मानवीय संबंधों, प्रेम, करुणा और जीवन के विविध अनुभवों की सहज अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। कार्यक्रम में रविंद्र मिगलानी, योगेश दहिया, बिजेंद्र त्रिपाठी, कुलदीप धमिजा, प्रशांत गुप्ता, पं. शिव गौड़, डॉ. दिनेश कुमार शर्मा, विपिन शर्मा, गीता चैहान, करुणा प्रकाश, शरद भार्गव, योगेश पवार, धुरेंद्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन गीतकार राजेंद्र राजन के सुपुत्र प्रशांत ‘राजन’ एवं पुत्रवधू अलका शर्मा ने किया।
