दिल्ली की गर्मी से इस दिन मिलेगी राहत… तापमान में आएगी गिरावट, आज 44 डिग्री रहेगा पारा
दिल्ली-एनसीआर में गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान कर रखा है. भारतीय मौसम विभाग ने अभी दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है, लेकिन 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) असर डाल सकता है. इससे शहर के तापमान में गिरावट आने की संभावना है.
मंगलवार शाम दिल्ली-NCR में जोरदार धूल भरी आंधी चलने से कुछ समय के लिए दृश्यता काफी कम हो गई थी, जबकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूरे दिल्ली-NCR में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. इस दौरान तेज पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलीं और पालम स्टेशन पर हवा की अधिकतम रफ्तार 120 किमी/घंटा दर्ज की गई. यह 4 जून 2001 में बने पिछले रिकॉर्ड के बराबर है.
पारा पहुंचा 44 के पार
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार (9 जून) को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सबसे अधिक रिज में 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इस दौरान कुछ इलाकों का तापमान 44 के पार पहुंच गया. सबसे अधिक तापमान रिज क्षेत्र में 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड में 44.0, पालम में 43.8, अयानगर में 43.6 और सफदरजंग में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रात के समय भी गर्म हवाएं चलीं, जिससे लोगों को रात में भी तपिश झेलनी पड़ी.
कैसा रहा पिछले 24 घंटों का तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान में लगभग 1-2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी में न्यूनतम तापमान 27-29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. दिल्ली के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम (-1.6°C से -3.0°C) रहा. वहीं, कुछ जगहों पर सामान्य से अधिक (1.6°C से 3.0°C) रहा, जबकि अधिकांश हिस्सों में सामान्य (-1.5°C से 1.5°C) बना रहा.
कैसा रहेगा आज का तापमान?
IMD के अनुसार, आज बुधवार (10 जून) को शहर का अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. IMD का अनुमान है कि आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे. इस दौरान सतह पर तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसकी गति 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, लेकिन दिन के समय हवा की गति 40 किमी/घंटा तक जा सकती है. दोपहर या शाम के समय गरज के साथ बारिश या तूफान की संभावना है.
मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में लगभग 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है,10 जून को कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, 12 जून तक तापमान में 7-8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.
मौसम विभाग ने बढ़ते तापमान को देखते हुए बच्चे, बुजुर्ग और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों सावधान रहने की सलाह दी है. इस दौरान लोगों को हल्के व ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनने को कहा है ताकि गर्मी से बचाव हो सके. इसके साथ ही घरों से आवश्यक होने पर ही निकलने की सलाह दी है.
