नगर निगम के नए चीफ निर्माण अधिकारी का पार्षदों ने किया स्वागत
सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर में नव नियुक्त चीफ निर्माण अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद मिश्रा का पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के नेतृत्व में पार्षद दल ने फूलमालाओं से स्वागत किया। गाजियाबाद से स्थानांतरित होकर सहारनपुर पहुंचे सुरेंद्र प्रसाद मिश्रा के स्वागत अवसर पर पार्षदों ने नगर के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर मंसूर बदर ने कहा कि सहारनपुर नगर तथा निगम क्षेत्र में शामिल 32 गांवों के विकास कार्यों को नए चीफ निर्माण अधिकारी के अनुभव का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्षद दल नगर हित के कार्यों में प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेगा ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। पार्षद समीर अंसारी, सईद सिद्दीकी, इजहार मंसूरी और महमूद हसन ने कहा कि नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। वहीं पार्षद रईस पप्पू, आसिफ अंसारी, गुलजेब खान, जफर अंसारी, मेनपाल और अधिवक्ता जावेद ने आशा व्यक्त की कि नगर एवं 32 गांवों में नाला निर्माण, सड़क निर्माण और अन्य विकास योजनाओं में तेजी आएगी। नव नियुक्त चीफ निर्माण अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद मिश्रा ने पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सहारनपुर के विकास को नई गति प्रदान की जाएगी।
