बेटी की शिकायत पर कार्रवाई न होने से रिटायर्ड दरोगा ने एसएसपी कार्यालय में किया हंगामा

बेटी की शिकायत पर कार्रवाई न होने से रिटायर्ड दरोगा ने एसएसपी कार्यालय में किया हंगामा
सहारनपुर में पुलिस लाइन स्थित एसएसपी कार्यालय के बाहर हंगामा करते सेवानिवृत्त दरोगा।

जीएनएम छात्रा ने मारपीट, अभद्रता और तमंचे से धमकाने का लगाया आरोप, एसएसपी ने सुनी शिकायत

सहारनपुर। नकुड़ थाना क्षेत्र के नल्हेड़ा गांव में जीएनएम छात्रा द्वारा मारपीट, अभद्रता और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोपों पर कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को उसके सेवानिवृत्त दरोगा पिता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद एसएसपी अभिनंदन सिंह ने पूर्व दरोगा को अपने पास बुलाकर उनकी बात सुनी और शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

नल्हेड़ा गांव निवासी प्रीति ने एसएसपी को दिए प्रार्थना-पत्र में गांव के अमित कुमार और मनोज कुमार समेत कुछ अन्य लोगों पर घर में घुसकर उसके और उसकी बहन के साथ मारपीट व अभद्रता करने तथा तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

प्रीति के अनुसार, वह जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा है और देवबंद स्थित श्री धन्वंतरि पैरामेडिकल कॉलेज में पढ़ती है। उसकी बहन उपासना भी इसी कॉलेज में जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा है। प्रार्थना-पत्र के मुताबिक घटना के समय दोनों बहनें घर के कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान अमित कुमार और मनोज कुमार तमंचे लेकर कमरे में पहुंचे और दोनों बहनों के साथ मारपीट व अभद्रता की। प्रार्थना-पत्र में तमंचे से मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।

प्रीति का कहना है कि दोनों बहनों के शोर मचाने पर उनकी मां और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर वहां पहुंच गए और जान से मारने तथा सार्वजनिक रूप से बेइज्जत करने की धमकी दी।

प्रीति के मुताबिक घटना के बाद वह अपनी मां और अन्य लोगों के साथ अंबेहटा पीर पुलिस चौकी पहुंची और शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि वहां रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद परिवार नकुड़ थाने पहुंचा, जहां भी मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने पुलिस पर मेडिकल परीक्षण नहीं कराने का भी आरोप लगाया।

बाद में वह सहारनपुर के एसबीडी बाजोरिया अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सक ने पट्टी की, लेकिन भर्ती नहीं किया गया और मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया।

बेटी की शिकायत पर विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज सेवानिवृत्त दरोगा विनोद कुमार गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंच गए। अपनी नाराजगी जताते हुए उन्होंने कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान वहां हंगामा शुरू हो गया। शोर बढ़ने पर एसएसपी अभिनंदन सिंह ने उन्हें बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली।

रिटायर्ड दरोगा ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की। एसएसपी ने शिकायत सुनने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply