श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शहर
सहारनपुर। बांके बिहारी भक्त परिवार के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर गुरुवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्ति गीतों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
गौशाला रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित होने वाली श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ कथा व्यास हिमेश शास्त्री ने मंत्रोच्चार के साथ किया। इसके बाद संस्था के अध्यक्ष लव कुमार सिंघल ने श्रीमद् भागवत ग्रंथ को सिर पर धारण कर शोभायात्रा की अगुवाई की। अग्रवाल धर्मशाला से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए भगवान के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का पुष्पवर्षा और स्वागत कर अभिनंदन किया।
आयोजन की जानकारी देते हुए लव कुमार सिंघल ने बताया कि बांके बिहारी भक्त परिवार के तत्वावधान में 24 सितंबर से 30 सितंबर तक गौशाला रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करने का आह्वान किया।
शोभायात्रा में मुख्य रूप से श्री राम बिहारी गुप्ता, प्रतिभा गुप्ता, अमन अग्रवाल, इंदू अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, गार्गी अग्रवाल, रोहित वर्मा, सोनिया वर्मा, लव सिंघल सहित बांके बिहारी भक्त परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
