10 सूत्रीय मांगों को लेकर 29 सितंबर को धरना देंगे परिवहन निगम कर्मचारी
15 दिन में मांगों का निस्तारण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी, आउटसोर्स परिचालकों को विभागीय संविदा में लेने समेत कई मांगें
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के श्रमिक समाज कल्याण संघ ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रबंध निदेशक को 10 सूत्रीय मांग पत्र भेजा है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का 15 दिन के भीतर निस्तारण नहीं किया गया तो 29 सितंबर को प्रदेशभर के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालयों पर सुबह 11 बजे से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष एमएल कुरील और प्रदेश महामंत्री महेन्द्र कुमार ने मांग पत्र में कहा कि परिवहन निगम के कर्मचारियों में विभिन्न समस्याओं को लेकर रोष है। उन्होंने 14 मई 2026 को संघ के साथ हुए द्विपक्षीय समझौते के अनुसार आउटसोर्स के माध्यम से तैनात परिचालकों को तत्काल विभागीय संविदा से जोड़ने की मांग की। साथ ही भविष्य में चालक-परिचालकों की भर्ती निगम स्तर से ही कराने की मांग उठाई।
संघ ने कर्मचारियों के सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान सितंबर 2026 से करने तथा जुलाई 2025 के तीन प्रतिशत और जनवरी 2026 के दो प्रतिशत बकाया महंगाई भत्ते का भुगतान देय तिथि से करने की मांग की है।
मांग पत्र में संविदा कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद ग्रेच्युटी का लाभ देने, उनकी सेवा नियमावली बनाए जाने और उत्कृष्ट सेवा करने वाले संविदा चालक-परिचालकों को नियमित करने की मांग भी शामिल है।
इसके अलावा शासन से स्वीकृत 547 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों के रिक्त पदों को सीधी भर्ती से भरने तथा निगम के कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
संघ ने 19 डिपो में आउटसोर्स के जरिए कराए जा रहे तकनीकी कार्यों की समीक्षा करने, डग्गामार वाहनों पर प्रभावी रोक लगाने और ठेका परमिट वाहनों को शहर की सीमा से बाहर रखने की मांग भी उठाई है। इसके साथ ही संघ पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा मृतक आश्रित कोटे में लंबित नियुक्तियों को तत्काल पूरा करने की मांग की गई है।
संघ ने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में मांगों का समाधान नहीं होने पर 29 सितंबर को प्रदेश के सभी क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन को लेकर संबंधित क्षेत्रों में पोस्टर लगाने के साथ डिपो, क्षेत्रीय कार्यालयों और कार्यशालाओं में गेट मीटिंग आयोजित करने का भी आह्वान किया गया है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय मंत्री अमित कुमार, शाखा अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद, शाखा मंत्री बृजभान सिंह, मनजीत सिंह, रामजन्म भारती, संजीव कुमार, निरंजन सिंह, राज सिंह, संजय कुमार, अजय, सुखपाल, तेजपाल, सत्य प्रकाश, प्रमोद कुमार, अशोक कुमार, रणवीर सिंह, रितेश तिवारी, अंकित, महेंद्र सिंह, अंश कुमार और पलटू राम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
