पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar)आज बुधवार से समाज सुधार अभियान पर हैं। इसकी शुरूआत उन्होंने मोतिहारी से की है। इस अभियान के जरिए राज्य में लागू शराबबंदी कानून (Liquor Ban) के लेकर लोगों को जागरूकर किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। लेकिन बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने इस अभियान को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश में शिक्षा,स्वास्थ्य व विधि व्यवस्था, महंगाई, भ्रष्टाचार, गरीबी को लेकर यात्रा क्यों नहीं करते हैं।

तेजस्वी ने कसा तंज

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर से राजनीतिक तौर पर सक्रिय दिखे। उन्होंने बुधवार की सुबह सुबह ही एक बार फिर से सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने सीएम की यात्रा को लेकर तंज कसा और इंटनेट मीडिया पर अपनी बात कही। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि बदहाल शिक्षा,स्वास्थ्य व विधि व्यवस्था, महंगाई, भ्रष्टाचार, गरीबी, पलायन और बेरोजगारी सरकार की व्यवस्था संबंधित सबसे बड़ी सामाजिक समस्याएँ नहीं है? आगे उन्होंने कहा कि सीएम इन सामाजिक खामियों, समस्याओं और प्रशासनिक विफलताओं पर यात्रा कर इन्हें दूर क्यों नहीं करना चाहते?

jagran

तेजस्वी यादव यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि 16 वर्षों से आप बिहार की सत्ता में हैं। राज्य को समाज सुधार से कहीं अधिक व्यवस्था सुधार यात्रा की है। नेता प्रतिपक्ष ने ट्विटर पर आगे लिखा कि अगर सिस्टम सही हो जाएगा तो अधिकांश सामाजिक समस्याएं स्वत: दूर हो जाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में प्रशासनिक आराजकता व्याप्त है और आपका सिस्टम ध्वस्त हो चुका है।

jagran

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मोतिहारी से समाज सुधार अभियान का आगाज किया है। मुख्यमंत्री पंद्रह जनवरी तक राज्य के एक दर्जन जगहों की यात्रा करेंगे। जानकारी के मुताबिक इस अभियान के दौरान नशा मुक्ति, बाल विवाह उन्मूलन और दहेज प्रथा उन्मूलन को लेकर लोगों को जागरूक करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान महिलाओं खासकर जीविका दीदियों से संवाद करेंगे।