‘PDA की जीत पर अंदर-ही-अंदर खुश’ केशव प्रसाद मौर्य का जिक्र कर अखिलेश ने चला नया सियासी दांव?
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान का जिक्र कर बड़ा सियासी दांव चल दिया है. यूपी के पूर्व सीएम ने दावा किया है कि यूपी एमएलसी चुनावों में सपा की जीत से केशव भी अंदर ही अंदर खुश हैं.
कन्नौज सांसद ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि- दरअसल पीडीए की जीत पर ये भी अंदर-ही-अंदर ख़ुश हैं, घर छोड़ देने से कोई पराया नहीं हो जाता है.
अखिलेश ने लिखा कि अगर षडयंत्रकारी भाजपाइयों ने गोरखपुर में घोड़े की ढाई चाल न चली होती तो वहां भी बनारसवाला हाल होता. कुल मिलाकर तो गोरखपुर भी भाजपा नैतिक रूप से हार ही गई है. बनारस के अंतिम नतीजे आने तक हमारी अपने सभी कार्यकर्ताओं से ये अपील है कि : जब तक हाथ में जीत का प्रमाण नहीं, तब तक विश्राम नहीं.
अखिलेश ने लिखा कि एमएलसी चुनावों ने भाजपा का बोरिया बिस्तर बांध दिया है. घोर बेईमानी और प्रशासनिक हेराफेरी के बावजूद भी भाजपा की दुर्गति कोई नहीं रोक पाया. जिन भ्रष्ट अधिकारियों ने भाजपा की चाकरी की है, उन सबको पीडीए सरकार आने पर जनता के कटघरे में खड़ा किया जाएगा.
वाराणसी एमएलसी पर क्या बोले अखिलेश?
एक अन्य पोस्ट में सपा चीफ ने कहा कि देखना ये है कि बनारस का नतीजा बैलेट पेपर की गणना से आता है या लखनऊ से आए ‘दूरदृष्टा-दूरभाष’ की टनटनाहत से. ‘पीडीए प्रहरियों’ की आँखे ही नहीं, कान भी पूरी तरह मुस्तैद हैं और सारे पुख़्ता सबूत भी जुटा लिए गए हैं. चेतावनी देने के बाद भी अगर नतीजे में हेरफेर करने की कोशिश की गई तो एक-एक ‘संलिप्त अधिकारी’ को कोर्ट में घसीटा जाएगा, तब किसी ‘सर का असर’ काम नहीं आयेगा न ही उन्हें बचाने भाजपाई आएंगे क्योंकि भाजपा किसी की सगी नहीं है. बनारस ने भाजपाइयों की नाकामी का रोडशो निकाल दिया है. वाराणसी के अपने कार्यकर्ताओं से फिर से हमारी अपील है : जब तक जीत का प्रमाण नहीं, तब तक विश्राम नहीं!
