वाराणसी MLC नतीजों के बीच केशव के बाद ब्रजेश पाठक बोले- हम विश्लेषण करेंगे

वाराणसी MLC नतीजों के बीच केशव के बाद ब्रजेश पाठक बोले- हम विश्लेषण करेंगे

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद् की 11 सीटों के लिए संपन्न हुए चुनावों में अब भारतीय जनता पार्टी के भीतर से ही समीक्षा की बात उठ रही है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बाद अब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि बीजेपी इन परिणामों की समीक्षा करेगी.

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए विधान परिषद सीटों के चुनाव संपन्न हो गए हैं, और भारतीय जनता पार्टी ने उन सभी सीटों पर जीत हासिल की है जिन पर उसने चुनाव लड़ा था. हम उन निर्वाचन क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे जहां हमें जीत नहीं मिली. जैसा कि आप जानते हैं, 2027 में बीजेपी लगातार तीसरी बार भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. हम इन चुनाव परिणामों का विश्लेषण करेंगे.”

अभी तक क्या है एमएलसी चुनाव के परिणाम?

समाचार लिखे जाने तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के डॉ. मान सिंह, आगरा स्नातक क्षेत्र से बीजेपी के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, मेरठ स्नातक से बीजेपी के दिनेश कुमार गोयल, लखनऊ शिक्षक क्षेत्र से बीजेपी के उमेश द्विवेदी, वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से सपा के लाल बिहारी यादव,मेरठ शिक्षक क्षेत्र से बीजेपी के चंद शर्मा और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र से बीजेपी के हरि सिंह ढिल्लो ने जीत दर्ज की है.

आगरा शिक्षक क्षेत्र से सपा के डॉo आकाश अग्रवाल ने जीत हासिल की है. वहीं समाचार लिखे जाने तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के पांचवें चक्र की मतगणना के बाद बीजेपी के प्रत्याशी ई0 अवनीश कुमार सिंह को 21,843 वोट मिले हैं, जबकि सपा प्रत्याशी कांति सिंह को 32,228 वोट मिले हैं.

Leave a Reply