पेंशनर्स को बैंकिंग सुविधाओं और साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए तरीके

पेंशनर्स को बैंकिंग सुविधाओं और साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए तरीके
रेलवे पेंशनर्स समाज की बैठक में पेंशनर्स को बैंकिंग सुविधाओं और साइबर धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी देते एसबीआई के अधिकारी।

एसबीआई और रेलवे पेंशनर्स समाज की संयुक्त संगोष्ठी में बचत व ऋण योजनाओं पर चर्चा, 30 नवंबर तक जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की अपील

सहारनपुर, 28 अक्टूबर। रेलवे पेंशनर्स समाज के तत्वावधान में आयोजित मासिक मिलन बैठक में पेंशनर्स को बैंकिंग सुविधाओं, बचत एवं ऋण योजनाओं और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के अधिकारियों ने पेंशनर्स को बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित तरीके से लाभ उठाने और समय पर जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सलाह दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के मुख्य शाखा प्रबंधक राजेश कुमार और संस्था के अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से मुख्य अतिथि को पत्रिका भेंट कर सम्मानित किया गया।

बैंकिंग योजनाओं और जीवन प्रमाण पत्र की दी जानकारी

मुख्य शाखा प्रबंधक राजेश कुमार ने पेंशनर्स को बैंक की विभिन्न सुविधाओं, बचत एवं ऋण योजनाओं, जीवन बीमा कवर और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी पेंशनर्स अपने बैंक खातों में नामित व्यक्ति (नॉमिनी) का नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि बैंक खाते में चार नामित व्यक्ति दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध है।

उन्होंने पेंशनर्स को अपने बैंक खातों में आधार और पैन कार्ड से संबंधित विवरण अपडेट रखने की सलाह दी। साथ ही अपील की कि वे अपना जीवन प्रमाण पत्र 30 नवंबर तक संबंधित बैंक शाखा में अवश्य जमा करा दें, ताकि पेंशन जारी रहने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।

अजनबी लिंक और फोन कॉल से रहें सावधान

एसबीआई के सीनियर मैनेजर नवनीत ने साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों के बारे में बताते हुए पेंशनर्स को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनजान व्यक्तियों के फोन कॉल और उनके द्वारा भेजे गए लिंक पर भरोसा न करें। किसी भी तरह के लालच या दबाव में आकर बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी या अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें।

उन्होंने पेंशनर्स से डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत बैंक को सूचित करने की अपील की।

15 दिसंबर को लगेगी रेलवे पेंशन अदालत

संस्था के महामंत्री एनएस चौहान ने जानकारी दी कि रेलवे पेंशन अदालत का आयोजन 15 दिसंबर को अंबाला मंडल कार्यालय में किया जाएगा। इसके लिए पेंशनर्स अपने मामलों से संबंधित आवेदन 30 अक्टूबर तक भेज सकते हैं।

संस्था के मंत्री देवेंद्र कुमार ने बैठक के दौरान पेंशनर्स के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट भी जमा कराए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेएन शर्मा ने की, जबकि संचालन मूलचंद रंगरा ने किया।

इस अवसर पर आर. ढींगरा, विनोद त्यागी, वीके शर्मा, अरविंद शर्मा, स्वतंत्र भारद्वाज, विजय त्यागी, विजय तलवार, वेद प्रकाश, इकबाल अजीम, नरेश कुमार, विनोद बंसल सहित अनेक पेंशनर्स मौजूद रहे।

Leave a Reply