कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण में सिविल कोर्ट का स्टे न्याय की जीत: हाजी फजलुर्रहमान

कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण में सिविल कोर्ट का स्टे न्याय की जीत: हाजी फजलुर्रहमान

सहारनपुर। सहारनपुर लोकसभा के पूर्व सांसद एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हाजी फजलुर्रहमान ने कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण में सिविल न्यायालय द्वारा दिए गए स्थगन (स्टे) आदेश का स्वागत करते हुए इसे न्याय की जीत बताया। उन्होंने कहा कि देश की न्यायपालिका पर जनता का विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि न्यायिक प्रक्रिया निष्पक्ष एवं संविधान के अनुरूप आगे बढ़ेगी।

हाजी फजलुर्रहमान ने मस्जिद कमेटी, मुकदमे की प्रभावी पैरवी करने वाले अधिवक्ताओं तथा कानून के दायरे में रहकर मस्जिद के पक्ष में आवाज उठाने वाले सभी साथियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए सभी पक्षों को न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने आम नागरिकों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उनकी प्रतिबद्धता संविधान, कानून और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति है। उन्हें उम्मीद है कि न्यायालय सभी तथ्यों पर निष्पक्ष विचार कर न्यायपूर्ण निर्णय देगा। पूर्व सांसद ने अंत में मस्जिद कमेटी, अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों, शुभचिंतकों और दुआ करने वाले सभी लोगों का पुनः धन्यवाद देते हुए कहा कि एकजुटता, धैर्य और कानून पर भरोसा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है।