समस्याओं को लेकर कांग्रेसजनों ने प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

समस्याओं को लेकर कांग्रेसजनों ने प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
सहारनपुर में प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन देते कांग्रेसजन।

सहारनपुर,। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। कांग्रेस का आरोप है कि प्रशासन ने निर्धारित कार्यक्रम से पहले जिलाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों को उनके आवासों पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया, जिससे वे एसडीएम कार्यालय नहीं पहुंच सके।

कांग्रेस के अनुसार, ज्ञापन देने के कार्यक्रम को स्थगित करने से इनकार करने पर जिला प्रशासन ने सदर एसडीएम सुबोध कुमार को जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा के गांव बेहड़ा संदल सिंह स्थित आवास पर भेजा। एसडीएम ने वहां पहुंचकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया और उसे अग्रेषित करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संदीप सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में खरीफ फसलों की बुवाई के समय किसानों को डीएपी और यूरिया जैसी रासायनिक खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे किसान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की आवश्यकताओं को पूरा करने में विफल रही है।

उन्होंने विद्युत विभाग पर भी मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटरों के माध्यम से उपभोक्ताओं पर अधिक बिलों का बोझ डाला जा रहा है। साथ ही बिना उचित कारण बिजली उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाकर उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने राज्यपाल से विद्युत विभाग की कथित मनमानी पर रोक लगाने तथा किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने दिल्ली में छात्रों पर हुए पुलिस बल प्रयोग की निंदा करते हुए छात्रों की समस्याओं का समाधान कराने की भी मांग उठाई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान रजनीश प्रधान रण्डौल, महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष शेखर चैधरी, जुबेर गाढ़ा, साजिद बीजोपरा, पवन सिंह राणा, कुणाल शांडिल्य, कलीम चैधरी, अबरार राव, राजू प्रधान पूवारका, विक्रांत राणा, पप्पू राणा, देवी चरण राणा, प्रिंस राणा, वरुण राणा, नितिन राणा, अमरिंदर राणा, मनिंदर राणा सहित विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।