सपाइयों ने मनाई कर्पूरी ठाकुर की जयंती

सहारनपुर [24CN] । समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रख्यात चिंतक, विचारक, अति पिछड़ों के मसीहा व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की 97वीं जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया तथा पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों व सिद्धांतों को अपनाकर समाजवादी विचारधारा को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। स्थानीय अम्बाला रोड स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों द्वारा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सपा जिला उपाध्यक्ष सुहेल राणा व चौ. अब्दुल गफूर ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर समाजवादी विचारधारा के ऐसे पुरोधा थे जिन्होंने आजीवन समाजवाद के सिद्धांतों का अनुसरण कर अति पिछड़ों व दबे-कुचलों के उत्थान के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने बिहार के दो बार मुख्यमंत्री व सांसद रहने के बावजूद कभी भी अपनी ईमानदारी पर आंच नहीं आने दी।

उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों व सिद्धांतों को अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जिला उपाध्यक्ष हसीन कुरैशी व महिला सभा की जिलाध्यक्ष महजबी खान ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर अति पिछड़ों के सच्चे हितैषी थे जिन्होंने बिहार में अपने मुख्यमंत्रित्व काल में पिछड़ों के लिए निर्धारित किए गए आरक्षण में से अति पिछड़ों के आरक्षण का कोटा निर्धारित करने का काम किया था जिसे कर्पूरी ठाकुर फार्मूले के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने एक सामान्य परिवार में जन्म लेकर अपनी प्रतिभा के बल पर बिहार के मुख्यमंत्री जैसा महत्वपूर्ण पद हासिल किया था। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, राव वजाहत, अनुज गुर्जर, वेदपाल पटनी, आकाश खटीक, विशाल यादव, शाहनवाज मलिक, सचिन शर्मा, मोहित कश्यप आदि मौजूद रहे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे