आठ दिन चलेगी जीआई टैग फिल्म की शूटिंग

आठ दिन चलेगी जीआई टैग फिल्म की शूटिंग
सहारनपुर में फिल्म शूटिंग की जानकारी देते आयोजक।

‘हनुमान अंश’ के बाबा नीम करौरी पहुंचे मोक्षायतन धाम, वैदिक हवन के साथ हुआ मुहूर्त

सहारनपुर। भारत सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय के लिए डीपीआईआईटी की ओर से जीआई टैग उत्पादों की लोकप्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से फिल्म श्रृंखला ‘मोहर’ तैयार की जा रही है। इसी कड़ी में ऑफ बीट मीडिया कंपनी की करीब 100 सदस्यीय टीम शुक्रवार को सहारनपुर स्थित मोक्षायतन धाम पहुंची। यहां 11 सितंबर से लगातार आठ दिनों तक फिल्म की शूटिंग की जाएगी।

फिल्म के मुहूर्त के लिए ऑफ बीट मीडिया की टीम कलाकारों के साथ मोक्षायतन अंतरराष्ट्रीय योग संस्थान पहुंची। यहां प्रसिद्ध प्रोड्यूसर-डायरेक्टर एवं क्रिएटिव हस्ती भव्यनिधि शर्मा और मेजर जयदीप ने पद्मश्री स्वामी भारत भूषण के सानिध्य में वैदिक हवन कर आशीर्वाद लिया। स्वामी भारत भूषण ने स्वस्तिक अंकित स्क्रिप्ट प्रदान करते हुए क्लैप देकर फिल्म की शूटिंग का शुभारंभ किया।

फिल्म के निर्देशक गगनजीत और मुख्य कलाकारों के साथ फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीम करौरी की भूमिका निभाने वाले अभिनेता कर्नल हनी बख्शी भी मौजूद रहे। वह कार्यक्रम में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।

मोक्षायतन योग संस्थान के अधिष्ठाता नंद किशोर शर्मा, पंडित सुनील शर्मा, प्रदीप काम्बोज, अनीता शर्मा, अजय शर्मा और ललित वर्मा सहित संस्थान के साधकों ने शंखनाद, स्वस्तिवाचन और पुष्पवर्षा के साथ फिल्म की पूरी टीम के लिए मंगलकामना की।

छह डेस्टिनेशन पर होगी शूटिंग

भारत सरकार के लिए फिल्म तैयार कर रही ऑफ बीट मीडिया कंपनी की ओर से भव्य निधि शर्मा ने सहारनपुर से शूटिंग की शुरुआत होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग देश के छह अलग-अलग डेस्टिनेशन पर की जाएगी और इसकी शुरुआत उनके जन्मस्थान सहारनपुर से होना उनके लिए विशेष अनुभव है।

उन्होंने बताया कि उनका जन्म सहारनपुर में हुआ और प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर में हुई। इसके बाद वह मोक्षायतन योग संस्थान से भी जुड़े रहे। फिल्म जगत में प्रशिक्षण के लिए उन्हें शुरुआती दौर में अमेरिका जाना पड़ा और बाद में काम के सिलसिले में मुंबई को अपना कार्यक्षेत्र बनाना पड़ा। इसके बावजूद सहारनपुर लौटना उनके लिए हमेशा सुखद अनुभव रहता है।

भव्य निधि शर्मा को टीवी के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ की शुरुआत के कॉन्सेप्ट प्रमोटर के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि जीआई टैग की लोकप्रियता को देशभर में बढ़ावा देने वाली इस फिल्म श्रृंखला के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और उनकी विशिष्ट पहचान को नई पहुंच मिलेगी।

Leave a Reply