- दो गनर और चार गार्ड की अतिरिक्त तैनाती, पहले एक गनर था सुरक्षा में
देवबंद। सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद का मुद्दा उठाने वाले बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी की सुरक्षा में बढ़ोतरी की गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उनकी सुरक्षा में दो गनर और चार गार्ड अतिरिक्त तैनात किए गए हैं। इससे पहले विकास त्यागी की सुरक्षा में एक गनर तैनात था।
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के मामले को विकास त्यागी ने प्रमुखता से उठाया था। कानूनी प्रक्रिया के बाद प्रशासन ने कुछ दिन पूर्व मस्जिद को अवैध मानते हुए उसे ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद से उनकी सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की जा रही थी।
मंगलवार को इस संबंध में त्यागी ब्राह्मण भूमिहार समाज समिति के पदाधिकारियों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भी भेजा गया था। ज्ञापन के माध्यम से विकास त्यागी की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की गई थी।
अब प्रशासन की ओर से उनकी सुरक्षा में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। विकास त्यागी ने भी अपनी सुरक्षा बढ़ाए जाने की पुष्टि की है।