बिजली चोरी पर प्रशासन सख्त, डीएम और एमडी ने किया निरीक्षण
चोरी की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, लापरवाही मिलने पर अधिकारियों-कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
देवबंद। विद्युत चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर प्रशासन और विद्युत निगम ने सख्त रुख अपनाया है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बिजली चोरी वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया और मौके पर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने कहा कि विद्युत चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी बिजली चोरी की शिकायत मिले, वहां तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के साथ विद्युत विभाग की टीम भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को विद्युत विभाग की टीमों को लगातार सक्रिय रखने, कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
वहीं, विद्युत निगम के एमडी रवीश गुप्ता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में विद्युत चोरी के मामलों में निगम का कोई अधिकारी या कर्मचारी लापरवाह पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी रोकना विभाग की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद एमडी रवीश गुप्ता ने 33 केवी विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने एसडीएम कार्यालय और तहसील का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
