भीम आर्मी जय भीम संगठन के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, ज्ञापन लिया
- जिला प्रभारी आदिल सिद्दीकी के आवास पर नजरबंद किए गए कार्यकर्ता
बेहट। सहारनपुर कलेक्ट्रेट स्थित मस्जिद प्रकरण को लेकर डीएम को ज्ञापन देने जाने का प्रयास कर रहे भीम आर्मी जय भीम संगठन के जिला प्रभारी और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया और हाउस अरेस्ट कर लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
दरअसल, शुक्रवार को भीम आर्मी जय भीम संगठन के जिला प्रभारी आदिल सिद्दीकी ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट स्थित मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के संबंध में डीएम सहारनपुर को ज्ञापन देने जाने का ऐलान किया था, जिसके बाद शुक्रवार की अलसुबह ही पुलिस माजरा स्थित उनके आवास पर पहुंच गई और वहां इकट्ठा हुए कार्यकर्ताओं सहित जिला प्रभारी को हाउस अरेस्ट कर लिया। इस दौरान जिला प्रभारी आदिल सिद्दीकी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से डीएम को ज्ञापन देने जाना चाहते है, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया जिसके बाद नायब तहसीलदार आदिल सिद्दीकी के आवास पर पहुंचे जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से महामहिम राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन लिया।
ज्ञापन में कहा गया कि सहारनपुर कलेक्ट्रेट में स्थित मस्जिद को अवैध बताया जा रहा है, जबकि वह 1955 से वक्फ बोर्ड में रजिस्टर्ड है। ज्ञापन में कहा गया कि यदि उक्त मस्जिद अवैध है तो पूरा कलेक्ट्रेट और दीवानी में बना मंदिर भी अवैध है। चेतावनी दी कि यदि मस्जिद को शहीद किया गया तो भीम आर्मी जय भीम संगठन आंदोलन को मजबूर होगा। ज्ञापन देने वालो में भीम आर्मी जय भीम संगठन के जिला प्रभारी आदिल सिद्दीकी, बेहट विधानसभा अध्यक्ष डॉ रजनीश, पूर्व प्रधान नावेद राणा नोस्सरहेड़ी, बेहट विधानसभा प्रभारी अक्षय कुमार, राव अशफाक, आरिज कस्सार, इंतखाब गाड़ा, बुरहान अंसारी आदि शामिल रहे।
