कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर समन्वय बैठक जारी, एसएसपी ने एसपीओ, ट्रैफिक वार्डन व सिविल डिफेंस कर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने स्पेशल पुलिस ऑफिसर , ट्रैफिक वार्डन एवं सिविल डिफेंस के सेवाकर्मियों के साथ समन्वय गोष्ठी आयोजित की।
बैठक में एसएसपी अभिनंदन ने कांवड़ यात्रा के दौरान सभी सेवाकर्मियों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि वे अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर पूरी सतर्कता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने पुलिस बल के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए कांवड़ यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। एसएसपी अभिनंदन ने यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी तथा श्रद्धालुओं और आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों और पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत कराया जाए। गोष्ठी में उपस्थित एसपीओ, ट्रैफिक वार्डन एवं सिविल डिफेंस के सेवाकर्मियों ने कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय एवं निष्ठा से कार्य करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
