साहिल की मौत का मामला: सच्चाई जानने को तीसरे दिन पुलिस ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज
सड़क की एक साइड लगे कैमरों में नहीं मिला कोई सबूत, दूसरी तरफ की जांच जारी
देवबंद। मोहल्ला कायस्थवाड़ा (मुलतानियान) के साहिल (16) की मौत की गुत्थी अभी उलझी हुई है। परिजनों के आरोपों की जांच करने के लिए बुधवार को पुलिस ने सड़क की एक साइड लगी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला। अब पुलिस दूसरी तरफ लगे कैमरों से सच्चाई का पता लगाएगी।
बता दें, कि सोमवार को साहिल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसके पिता साबिर ने पुलिस को तहरीर देकर मोहल्ला गुज्जरवाड़ा निवासी एक मंगलामुखी समेत कई लोगों पर बेटे को जहरीले पदार्थ खिलाकर मारने का आरोप लगाया था। साहिल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी उसकी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी। जिसके चलते उसके विसरा को सुरक्षित रखा गया है, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। सीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के आरोपों की जांच के लिए पुलिस की एक टीम ने हाईवे समेत मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, लेकिन उसमें कोई सबूत नहीं मिला। सड़क की दूसरी साइड लगे कैमरों की फुटेज भी देखी जाएगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
