सहारनपुर में कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का कमिश्नर-DIG ने लिया जायजा, सुरक्षा और सुविधाओं की जांच
सहारनपुर: कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु मण्डलायुक्त, सहारनपुर मण्डल एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र द्वारा कांवड़ मार्ग एवं शिविरों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा।
श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मण्डलायुक्त, सहारनपुर डॉ. रूपेश कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर अभिषेक सिंह द्वारा जनपद सहारनपुर के गागलहेड़ी रोड, काली नदी चैक पोस्ट तथा बड़कलां चैक पोस्ट सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से सुरक्षा प्रबंधों, यातायात डायवर्जन/संचालन, भीड़ नियंत्रण, बैरियर व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा समन्वय व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की गई तथा उन्हे निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के विश्राम हेतु स्थापित शिविरों का भी निरीक्षण किया गया, जहां पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, शौचालय, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान शिविरों में ठहरे कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्बाध यातायात, प्रभावी सुरक्षा, त्वरित सहायता एवं जनसुविधाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करें, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, सहज एवं श्रद्धापूर्वक अपनी यात्रा पूर्ण कर सके।

