कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस रही मुस्तैद
सहारनपुर। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए थाना चिलकाना पुलिस ने बिना वैध प्रपत्रों के अवैध रूप से परिवहन करने वाले पांच वाहनों को पकड़कर सीज कर दिया।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान एवं एसएसपी अभिनंदन के निर्देश पर श्रावण मास के प्रथम सोमवार को दृष्टिगत रखते हुए कांवड़ यात्रा को दुर्घटनारहित एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए कांवड़ यात्रा मार्ग पर सघन वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस ने थाना प्रभारी विनोद कुमार व उपनिरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में चैकिंग के दौरान अम्बाला-यमुनानगर (हरियाणा राज्य) की ओर से आ रहे दो पिकअप वाहनों संख्या यूपी11ईटी/0041 व यूपी11डीटी 9409 को रोककर चेक किया गया तो दोनों वाहनों में मुर्गे भरे पाए गए। श्रावण मास में मांस विक्रय एवं परिवहन सम्बंधी प्रतिबंधों के दृष्टिगत वाहनों की गहन जांच की गई जिसमें दोनों चालकों के पास वाहन से सम्बंधिक आवश्यक वैध प्रपत्र नहीं पाए गए। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने के कारण पुलिस ने दोनों वाहनों को एमवी एक्ट के तहत सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा लिया। अन्य मामले में इसी थाना पुलिस ने बिना नम्बर प्लेट लगे मिट्टी से भरे तीन ट्रैक्टर-ट्राली को रोककर चेक किया गया तो ट्रैक्टर चालकों के पास कोई वैध प्रपत्र नहीं पाया गया। पुलिस ने तीनों ट्रैक्टरों को बिना नम्बर प्लेट लगाकर ट्राली से मिट्टी भरकर परिवहन करते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर थाने में खड़ा करा लिया।
