लोकी के खेत में फांसी के फंदे पर लटका मिला युवक का शव
बिहारीगढ़। दिल्ली-देहरादून हाइवे स्थित थाना क्षेत्र के गांव मनोहरपुर में रेस्ट एरिया के समीप लोकी के खेत में पेड़ पर एक युवक का शव सोमवार सुबह फांसी के फंदे से लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही तुरन्त पुलिस टीम के साथ प्रभारी निरीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर लिखा पढ़ी के पोस्टमार्टम के लिए सहारनपुर भिजवा दिया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान गांव बादशाहपुर निवासी राजबीर सिंह पुत्र भरत सिंह के रूप में हुई है। मृतक के छोटे भाई ने पुलिस को बताया कि राजबीर सिंह रविवार शाम लगभग 4 बजे घर से लापता हुआ था, कल से ही परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। आज सोमवार को लोकी के खेत में राजबीर का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई तरह के साक्ष्य इकट्ठा किए हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह नागर ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इसके साथ ही थाना पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
