नमाज के बाद घंटाघर चौक पर नारेबाजी कर लहराया फिलिस्तीन का झंडा

नमाज के बाद घंटाघर चौक पर नारेबाजी कर लहराया फिलिस्तीन का झंडा
  • सहारनपुर में घंटाघर चौक पर फिलिस्तीन का झंडा लहराते मुस्लिम समुदाय के लोग

सहारनपुर। महानगर की ईदगाह में जिला प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद की नमाज तो शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हुयी, परन्तु ईद की नमाज अदा करने के ाद अपने घरो को लौट रहे मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने घंटाघर चौक को जाम कर फिलिस्तीन के समर्थन में नारेबाजी की। जिसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कम्प मच गया।

जिला प्रशासन ने इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो का संज्ञान लेकर कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि संभल प्रकरण व वक्फ संशोधन बिल को लेकर मुस्लिम समुदाय में चल रही नाराजगी के मद्देनजर उत्तर प्रदेश शासन द्वारा ईद उल फितर की नमाज को शांति पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ईदगाह समेत सभी प्रमुख मस्जिदों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यहां तक कि जिलाधिकारी मनीष बंसल, एसएसपी डॉ.रोहित सिंह सजवाण के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने ईदगाह पर ही डेरा डाल रखा था। ईद की नमाज शांति पूर्ण संपन्न होने पर अधिकारी राहत की सांस ले रहे थे कि इसी बीच ईदगाह से नमाज अदा कर अपने घर लौट रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों का भारी हुजूम घंटाघर चौक पहुंचा, जिससे वहां जाम की स्थिति हो गयी। इस दौरान कुछ लोगों ने फिलिस्तीन का झंडा लहराते हुए उसके समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कम्प मच गया। कुछ देर नारेबाजी करने के पश्चात मुस्लिम समुदाय के लोग अपने घरो को लौैट गए, जिसके बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली। बाद में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने बयान जारी कर बताया कि सोशल मीडिया में वायरल हो रही फुटेज के आधार पर घंटाघर पर हंगामा करने वाले लोगों को चिन्हित करने का काम किया जा रहा है तथा उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।


विडियों समाचार