पानी की जांच में अन्य पैरामीटर भी किये जाएं शामिल: नगरायुक्त
सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरि ने जलकल विभाग की वाटर टेस्टिंग लैब को उन्नत करने के लिए आवश्यक उपकरण खरीदने तथा एनएबीएल प्रमाणपत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने महाप्रबंधक जल को वाटर टेस्टिंग में और अधिक पैरामीटर शामिल करने के निर्देश दिए। नगरायुक्त शिपू गिरि ने आज महाप्रबधंक जल पुरुषोत्तम कुमार के साथ गांधी पार्क के निकट स्थित वाटर टेस्टिंग लैब का निरीक्षण किया और प्रयोगशाला व उपकरणों तथा लैब संचालन कर रहे कर्मचारियों के सम्बंध में विस्तार से जानकारी ली।
महाप्रबंधक ने नगरायुक्त को बताया कि हर रोज शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पेयजल के पांच नमूने लिये जाते हैं और उनका पीएच, टीडीएस, टोटल एल्कालिनिटी (कुल क्षारीयता), कैल्शियम, टोटल हार्डनेस, क्लोराइड तथा मैग्निशियम आदि का टेस्ट किया जाता है। इस पर नगरायुक्त ने पानी में अन्य पैरामीटर की भी जांच कराने को कहा। उन्होंने बैक्टीरियोलॉजी के लिए आवश्यक उपकरणों एवं रसायनों की आपूर्ति लेने के भी निर्देश दिए। नगरायुक्त ने वाटर टेस्टिंग लैब का एनएबीएल प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्य करने तथा लैब में एसी, रेफ्रिजरेशन यूनिट, प्रिंटर, इंटरनेट आदि की उपलब्धता सुनिश्वित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लैब के बाहर ओएचटी परिसर का सौंदर्यीकरण कराने के लिए निर्माण विभाग से समन्वय बनाकर कार्य कराने का भी सुझाव दिया। नगरायुक्त ने ओएचटी (ओवर हैड टैंक) के प्रेशर के संबंध में भी जानकारी ली और अन्य ओएचटी पर भी यह व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
