जनसुनवाई में 4 समस्याओं का नगरायुक्त ने किया निस्तारण
सहारनपुर। नगर निगम में जनसुनवाई के दौरान आज आयी 11 समस्याओं में से सफाई सम्बंधी चार समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराया गया। शेष समस्याओं के निदान के लिए नगरायुक्त शिपू गिरि ने सम्बंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
वार्ड 8 शिवम कॉलोनी बेहट रोड निवासी गौरव शर्मा ने कॉलोनी के पास झाड़ियों की साफ सफाई कराने, वार्ड 27 दानिश कॉलोनी निवासी डॉ. शमीम ने कॉलोनी के पास साफ-सफाई कराने,वार्ड 58 हलवाई हट्टा बारादरी निवासी अमित गर्ग ने बारादरी के पास साफ सफाई कराने तथा वार्ड 43 सराय फैज अली निवासी सलमान ने सराय फैज अली में साफ- सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर नगरायुक्त ने क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों व सफाई मित्रों को भेजकर सफाई कराते हुए समस्या का समाधान करा दिया। इसके अलावा वार्ड 33 रोहित विहार निवासी प्रेरित अग्रवाल ने रोहित विहार में के आर प्लाजा के पास अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया जिस पर प्रवर्तन दल प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वार्ड 43 सराय फैज अली निवासी सलमान अहमद ने सराय फैज अली में अवैध रुप से सूअर पालन पर रोक लगाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर नगरायुक्त ने निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त वार्ड 13 नानकपुरम कॉलोनी निवासी प्रवीण कुमार, वार्ड 27 दानिश कॉलोनी निवासी शमीम, वार्ड 2 सिद्धि विनायक एंक्लेव निवासी वी के शर्मा, वार्ड 23 अंसारी रोड निवासी अमित मक्कड़, तथा शिवम कॉलोनी निवासी गौरव शर्मा ने अपनी अपनी कॉलोनियों की स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत करते हुए उन्हें ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए। इस पर नगरायुक्त ने पथ प्रकाश प्रभारी को उक्त स्थलों का निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
