डा. अम्बेडकर के पदचिन्हों पर चल रही है केंद्र की मोदी सरकार: चौ. भूपेंद्र

डा. अम्बेडकर के पदचिन्हों पर चल रही है केंद्र की मोदी सरकार: चौ. भूपेंद्र
  • सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह।

सहारनपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह ने कहा कि  केंद्र की मोदी सरकार राष्ट्र नायक डॉ अम्बेडकर के पदचिन्हों पर चल रही है। आज बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती पर गढ़ी मलूक में आयोजित कार्य्रकम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पराधीनता के कारण लंबे समय तक हम लोगों ने संघर्ष किया।

आज के भारत को बनाने में भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर का अतुलनीय योगदान है। बाबा साहेब ने अपने पूरे जीवन संघर्ष किया और गरीबी में जीवन को आगे बढ़ाया, उसी में पढ़ लिख कर जिस प्रकार राष्ट्र को आगे बढ़ाने का काम किया वह अपने आप में एक अविस्मरणीय उदाहरण है। स्वतंत्रता के बाद बाबा साहेब भारत सरकार में मंत्री बने और पिछड़े, कमजोर, दलितों को समानता के अधिकार  दिलाये और उनके हक के लिए काम किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नही चाहती थी कि बाबा साहेब संविधान सभा के सदस्य बने, कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराया, काँग्रेस ने इतने लंबे समय तक सरकार में रहने के बाद भी बाबा साहेब को भारत रत्न नही दिया जब केंद्र में हमारे समर्थन वाली सरकार आयी, तब उन्हें भारत रत्न दिया गया। हालांकि उनके योगदान के सामने भारत रत्न बहुत छोटा है। बाबा साहेब ने जीवन पर्यंत सामाजिक समरसता के लिए काम किया। आज जिस जगह भारत है उसमें बाबा साहेब का सबसे बड़ा योगदान है। वह हमेशा भारत और भारतीयता के लिए खड़े रहे, उनके लंबे कालखंड और विचारधारा के अनुरुप व संविधान के अनुसार काम करने का काम मोदी सरकार ने किया है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव मे विपक्ष द्वारा गलत नैरेटिव गढ़ा गया कि 400 पार आने पर संविधान बदल दिया जाएगा। हम लोग ने 10 वर्षो में सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा पर जो काम किये और जम्मू कश्मीर में धारा 370 खत्म कर बाबा साहेब के संविधान को लागू किया, आयुष्मान योजना ले कर और भी जो काम किये उनके आधार पर बड़े लक्ष्य के साथ चुनाव में गए। उन्होंने कहा कि देश और गरीबो के लिए जो काम किये उसके आधार पर हमने 400 पर का लक्ष्य बनाया पर विपक्ष ने नेगेटिव नैरेटिव बनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा ने बाबा साहेब और महापुरषो की स्मृति मिटाने का काम किया, दलित महापुरषो के स्मारकों को मिटाने का काम किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के द्वारा हमे ताकत दी और हम समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए मिल कर काम कर रहे है। हम सभी अपनी विरासत, संस्कृति और परंपरा के साथ आगे बढ़ेंगे।

चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि विपक्ष ने एक षड्यंत्र के तहत हमें बाबा साहेब का पूरा नाम भी नहीं लेने दिया उनका पूरा नाम डॉ भीमराव रामजी अम्बेडकर है। कार्यक्रम को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, यूपीसीडको चेयरमैन वाई पी सिंह, विधायक राजीव गुम्बर, देवेंद्र निम, भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, महापौर डॉ अजय कुमार सिंह, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, अशोक भारती, जयराम गौतम ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महानगर महामंत्री विपिन कुमार ने किया। अध्यक्षता सहीराम ने की।

इस दौरान प्रमुख रूप से विनोद चोजड, नूतन शर्मा, शशि वालिया, गोपाल मेहंदीरत्ता, डॉ नीलू राणा, पार्षद संजीव कर्णवाल, ललित कटारिया, अंकित जाटव, मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग सहित बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।


विडियों समाचार