परविंदर सिंह हत्याकांड में पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा गृहमंत्रालय, अमित शाह बोले- ‘हमारा…’

परविंदर सिंह हत्याकांड में पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा गृहमंत्रालय, अमित शाह बोले- ‘हमारा…’

गृहमंत्री अमित शाह ने पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोला है. गृहमंत्री ने पंजाब में बढ़ते नशे के कारोबार और अपराधों पर सरकार की आलोचना की है.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कहा कि “पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद व संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है. भगवंत मान सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पंजाब की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?”

पंजाब में नशे से हो रही मौतों का जिक्र

गृहमंत्री ने पंजाब के दिरबा और मानसा में नशे से हुई मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि “दिरबा में एक पिता का दबाव में जहर खा लेना और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परविंदर के पिता ने AAP सरकार और उनके विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. गृह मंत्रालय भी इन दोनों घटनाओं पर पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा.”

उन्होंने कहा कि “पंजाब में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, संगठित अपराध का खतरा बढ़ रहा है और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं.”

भगवंत मान से सवाल

अमित शाह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पंजाब में बढ़ते नशे के कारोबार पर पूछा कि “भगवंत मान जी, पंजाब की जनता को प्रचार नहीं, जवाब, घोषणाएं नहीं, परिणाम, नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार और अपराधियों को मिलने वाले किसी भी राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच चाहिए”

गृहमंत्री ने कहा कि “मैं आज पंजाब की जनता के सामने अपना संकल्प दोहराता हूं कि पंजाब में हमारी सरकार बनने पर हम नशामुक्त, गैंगस्टरमुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे” साथ ही उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य स्पष्ट है- नशे के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और कानून का ऐसा राज, जिसमें कोई भी नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर न हो.”

पंजाब की जनता को ध्यान में रखते हुए अमित शाह ने यह पोस्ट हिन्दी और पंजाबी दोनों भाषाओं में किया. उनका यह पोस्ट पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की मुनादी पीटने जैसा है.

Leave a Reply