CJP के तिरंगा मार्च से आज दिल्ली में ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका, कनॉट प्लेस समेत कई रास्तों पर एडवाइजरी जारी
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, दोपहर 3 बजे से कई प्रमुख सड़कों पर लागू हो सकता है डायवर्जन।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार (16 अक्टूबर) को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और तिरंगा मार्च को लेकर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित जुटान को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक, दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना तैयार कर लें। जरूरत पड़ने पर मौके की परिस्थितियों के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है।
कनॉट प्लेस समेत इन प्रमुख सड़कों पर पड़ सकता है असर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन और चेल्म्सफोर्ड रोड पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
इसके अलावा मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, रफी मार्ग, रेल भवन, मंडी हाउस, पटेल चौक और विंडसर प्लेस के आसपास भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।
गोल डाकखाना, अशोक रोड पर जीपीओ से सी-हेक्सागन तक का हिस्सा, तिलक मार्ग, टॉल्स्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड भी संभावित प्रभावित मार्गों में शामिल हैं।
दोपहर 3 बजे से बढ़ सकती है परेशानी
पुलिस के मुताबिक, प्रस्तावित प्रदर्शन के चलते दोपहर 3 बजे के बाद नई दिल्ली के कई व्यस्त इलाकों में यातायात का दबाव बढ़ सकता है। विशेष रूप से कनॉट प्लेस, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
हालांकि, पुलिस ने सभी संभावित प्रभावित मार्गों को बंद करने की घोषणा नहीं की है। आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा और यातायात की स्थिति के आधार पर कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बदली जा सकती है।
मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन इस्तेमाल करने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से निजी वाहनों के बजाय जहां तक संभव हो, मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
साथ ही लोगों को सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
ट्रैफिक की जानकारी के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए हैं। लोग यात्रा शुरू करने से पहले एक्स पर @dtptraffic के जरिए ताजा अपडेट प्राप्त कर सकते हैं।
यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 8750871493 पर भी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
