बारिश से दिल्ली-NCR का मौसम बदला, तापमान में 6 डिग्री तक गिरावट, आज भी बरसेंगे बादल!
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को हुई बारिश से गर्मी का असर कम हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार (15 अक्टूबर) को हुई बारिश और तेज हवाओं के चलते राजधानी के कई इलाकों में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा नीचे आ गया। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं अक्टूबर में अब तक हुई बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार (16 अक्टूबर) को भी राजधानी में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, 17 से 22 अक्टूबर के बीच मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है।
दोपहर में छाया अंधेरा, तेज हवाओं के साथ हुई बारिश
गुरुवार को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच दिल्ली-एनसीआर में मौसम अचानक बदल गया। आसमान में घने बादल छाने से दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। इसके बाद कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4.9 डिग्री कम रहा। वहीं, रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज हुआ, जहां तापमान में 6.3 डिग्री की गिरावट देखने को मिली।
राजधानी में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा। बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
अक्टूबर में सामान्य से लगभग तीन गुना बारिश
दिल्ली में इस बार अक्टूबर महीने में बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी अधिक हो गया है। गुरुवार शाम 5:30 बजे तक राजधानी में 15.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इसके साथ ही अक्टूबर में अब तक कुल 65.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 24.2 मिलीमीटर है। यानी राजधानी में सामान्य के मुकाबले लगभग 2.7 गुना बारिश दर्ज की गई है।
बारिश के दौरान हवा में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 76 प्रतिशत दर्ज की गई।
दिल्ली के मौसम में अचानक क्यों आया बदलाव?
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी पंजाब के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी हरियाणा के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव आया है।
इन मौसमी गतिविधियों के चलते राजधानी में बादल छाए और बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। मौसम में आए इस बदलाव के बीच दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 165 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रह सकता है। कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है।
आज अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय दक्षिण-पूर्वी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
20 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। 20 अक्टूबर को भी आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में खुले मैदानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बारिश के कारण व्यवधान पड़ने की आशंका फिलहाल कम है
