नवरात्रों में मीट की दुकानें बंद कराने और अतिक्रमण हटाने की मांग, विहिप ने किया प्रदर्शन
एसडीएम, सीओ और कोतवाली प्रभारी के आश्वासन व कार्रवाई के बाद समाप्त हुआ धरना
देवबंद। नगर में नवरात्रों के दौरान खुल रही मीट की दुकानों को बंद कराने और नगर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष दिग्विजय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कोर्ट परिसर में एकत्र होकर अपनी मांगों को उठाया और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नवरात्रों के दौरान मीट की दुकानों को बंद कराया जाए तथा नगर में बढ़ते अतिक्रमण को हटाकर लोगों को राहत दिलाई जाए।
धरने की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सिंह और कोतवाली प्रभारी संदीप बालियान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिकारियों की पहल पर धरना समाप्त कर दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांगों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और नगर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
धरना-प्रदर्शन में मौजूद रहे आकाश चौधरी – जिला मंत्री, विश्व हिंदू परिषद, सुलेख गर्ग – जिला सह मंत्री, विश्व हिंदू परिषद, रोहित त्यागी – जिला संयोजक, बजरंग दल, रुद्र मिश्रा – जिला सह-संयोजक, बजरंग दल।
