पति को मारकर सांप से कटवाने वाली महिला और उसके बॉयफ्रेंड को फांसी की सजा, मेरठ में दो दिन में दूसरी बार बड़ी सजा का ऐलान

पति को मारकर सांप से कटवाने वाली महिला और उसके बॉयफ्रेंड को फांसी की सजा, मेरठ में दो दिन में दूसरी बार बड़ी सजा का ऐलान

मेरठ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पति को मारकर सांप से कटवाने के मामले में कोर्ट ने सजा का ऐलान कर दिया है। जानकारी के मुताबिक पति अमित कश्यप को मारकर सांप से कटवाने वाली महिला रविता और उसके बॉयफ्रेंड अमरदीप को मेरठ की कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। बता दें कि मेरठ की कोर्ट ने दो दिन में दूसरी बार बड़ी सजा का ऐलान किया है। इससे पहले कोर्ट ने मुस्कान और साहिल को भी फांसी की सजा सुनाई थी।

दरअसल, बहसुमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव के रहने वाले अमित कश्यप की उनकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। अमित कश्यप टाइल और पत्थर लगाने का काम करता था। आरोपी अमरदीप भी अमित के साथ ही काम करता था और वह अक्सर अमित के घर पर जाता रहता था। जानकारी के मुताबिक इसी दौरान अमित की पत्नी रविता के साथ अमरदीप का अफेयर हो गया। धीरे-धीरे दोनों का प्रेम प्रसंग बढ़ता गया। हालांकि इसी बीच अमित को रविता और अमरदीप के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग के बारे में पता चल गया।

जानकारी के मुताबिक अमित ने दोनों का विरोध किया, जिसके बाद रविता और अमरदीप ने मिलकर अमित की हत्या की साजिश रची। दोनों ने एक सपेरे को 1,000 रुपये देकर सांप खरीदा। इसके बाद 17 अप्रैल की रात को जब अमित सो गया, तो रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप को घर बुला लिया। उन्होंने अमित की हत्या कर दी और फिर उसके बिस्तर पर सांप छोड़ दिया। अमित की हत्या करने के बाद रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप को वहां से भेज दिया और खुद दूसरे कमरे में जाकर सो गई।

अगली सुबह जब परिवार के लोगों ने देखा तो अमित मृत पड़ा हुआ था और उसके शरीर पर सर्पदंश के निशान बने थे। परिजनों को लगा कि अमित की मौत सर्पदंश से हुई थी। हालांकि जब अमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तो उसकी मौत का कारण सर्पदंश नहीं बल्कि दम घुटने से होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के दौरान रविता ने इसका विरोध भी किया था, जिसके बाद परिजनों को रविता पर हत्या का शक भी था। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद से रविता और अमरदीप को गिरफ्तार कर लिया गया था।

Leave a Reply