गाजियाबाद के साहिबाबाद औद्योगिक इलाके में लगी भीषण आग, कई लोग झुलसे

गाजियाबाद के साहिबाबाद औद्योगिक इलाके में लगी भीषण आग, कई लोग झुलसे

साहिबाबाद। औद्योगिक क्षेत्र साइट चार स्थित चिकित्सा उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री में बृहस्पतिवार देर रात करीब नौ बजे अचानक आग लग गई। घटना के समय करीब 20 कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर मौजूद थे। आग इतनी भीषण थी कि कर्मचारी बाहर भी नहीं निकल पाए। कई लोग झुलस गए, जिनमें से 14 को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन को गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। आग से फैक्ट्री मालिक कुनाल बहल भी झुलस‌ गए, उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही सीएफओ सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में दमकल टीम पहुंची। स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। देर रात दमकल की करीब 15 गाड़ियां फैक्ट्री की दीवारें तोड़कर आग बुझाने की कोशिश में जुटी थीं।

साइट-4 स्थित ईफर सर्जिमेड फैक्ट्री में सर्जिकल ग्लव्स, मास्क, पीपीई किट, फेस शील्ड, बैंडेज व टेप आदि बनाती है। बृहस्पतिवार देर रात फैक्ट्री में काम चल रहा था और मालिक के साथ करीब 20 कर्मचारी अंदर मौजूद थे। देर रात नौ बजे के बाद अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन अधिकारियों ने भीषण आग को देखते हुए फायर स्टेशन वैशाली के अलावा साहिबाबाद और घंटाघर कोतवाली फायर स्टेशन से भी टीमों को गाड़ियों के साथ बुलाया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दमकलकर्मियों के साथ मिलकर 14 लोगों को निकालकर पास के यशोदा अस्पताल व मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। झुलसे लोगों में दो महिला व बच्चा भी शामिल है। तीन को गंभीर हालत देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। आग इतनी भीषण थी कि लोगों को बचने का मौका नहीं मिला। बाहर निकाले लोग मदद मिलने से पहले ही करीब 60 फीसद तक झुलस चुके थे। बताया गया कि कुछ लोग बगल की फैक्ट्री में कूद कर अपनी जान बचाई।

11 की हालत हालत गंभीर

हादसे की चपेट में फैक्टरी में मौजूद किशोरी शिवी (16),विश्वनाथ (22),मोहित (18),ट्विंकल (20),कुणाल (40), विवेक (26) , अरविंद तिवारी, जावेद, रकीबुल, राशिद अली, सद्दाम, सुशील , शेरबुल झुलस गए हैं। विश्वनाथ, मोहित, टविंकल, कुणाल की हालत गंभीर है। इनको वेंटिलेटर पर रखा गया है। अरविंद तिवारी, जावेद, रकीबुल, राशिद अली, सद्दाम, सुशील , शेरबुल को सफदरजंग रेफर किया गया है।

आग को देखते हुए आसपास‌ के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आसपास की फैक्ट्रियां पुलिस प्रशासन के सहयोग से खाली करा ली गई हैं। देर रात एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह और एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन, सीओ आलोक दुबे के साथ आसपास के कई थानों की भारी फोर्स पहुंच गई थी। सीएफओ सुनील कुमार ने बताया कि आग भूतल पर लगी थी। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि दमकल की 12 गाड़ी आग बुझाने में लगी हुई थीं। घटनास्थल पर 50 से अधिक दमकलकर्मी मौजूद थे। आसपास जगह न होने के चलते आग बुझाने में परेशानी आई। इस कारण दमकल टीम को फैक्ट्री की दीवारें भी तोड़ना पड़ीं।

अभी तक 14 लोगों को अंदर से निकाला जा चुका है। सभी गंभीर रूप से झुलसे हैं। ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी-कलानिधि नैथानी, एसएसपी गाजियाबाद।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे