मण्डलायुक्त ने दिये अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश

- सहारनपुर मंे मण्डलायुक्त का फाइल फोटो
सहारनपुर। मण्डलायुक्त अटल कुमार राय ने मानव सम्पदा पोर्टल पर अपनी चल-अचल सम्पत्ति का विवरण प्रस्तुत नहीं करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन आहरित न करने के निर्देश जारी किए है।
मण्डलायुक्त अटल कुमार राय ने बताया कि जनपदों से प्राप्त प्रगति के अवलोकन से स्पष्ट हुआ है कि जनपदों में अभी भी ऐसे अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी है, जिनका चल-अचल सम्पत्ति का विवरण अपलोड नहीं किया गया है। यह स्थिति संतोषजनक नहीं है तथा जनपद में शासन एवं राजस्व परिषद द्वारा दिये गये निर्देशों का अनुपालन नहीं किया गया है।
अटल कुमार राय ने बताया कि तीनों जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि शासन के निर्देशों के अनुसार समस्त सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा मानव सम्पदा पोर्टल पर पंजीकृत राज्याधीन स्वायत्तशासी संस्थाओं, निगमों, उपक्रमों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विगत् 31 जनवरी तक मानव सम्पदा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत कराने का कष्ट करें। यदि किसी अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा शासनादेश के निर्देशों का अनुपालन नहीं किया जाएगा तो ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों का माह फरवरी 2025 का वेतन आहरित न करते हुए उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए।
मण्डलायुक्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य के समस्त सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा मानव सम्पदा पोर्टल पर पंजीकृत राज्याधीन स्वायत्तशासी संस्थाओं, निगमों, उपक्रमों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विगत् 31 दिसम्बर 2024 तक अर्जित समस्त चल-अचल सम्पत्ति का विवरण उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के अनुसार 31 जनवरी तक मानव सम्पदा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने सम्बन्धी निर्देश दिये गये थे। समस्त राज्य कार्मिकों का मानव सम्पदा पोर्टल पर चल-अचल सम्पत्ति का विवरण निर्धारित समयावधि में अपलोड कराते हुए ऐसे राज्य कार्मिक जिनके द्वारा चल-अचल सम्पत्ति का विवरण मानव सम्पदा पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है उनका वेतन रोकते हुए विभागीय कार्यवाही प्रारम्भ करने की अपेक्षा की गयी है।