गौशाला को पूर्णत: आत्मनिर्भर बनाएं: रजनीश दुबे

- सहारनपुर में कान्हा उपवन गौशाला गाय को गुड़ खिलाते अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे।
सहारनपुर [24CN]। अपर मुख्य सचिव नगर विकास डा. रजनीश दूबे ने शुक्रवार सुबह नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा उपवन गौशाला का निरीक्षण किया और चारा-भूसा, चिकित्सा व गौवंश को शीत लहर से बचाव हेतु की गयी सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त पाकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को गौशाला को पूर्णत: आत्मनिर्भर बनाने के सुझाव और निर्देश दिये।
अपर मुख्य सचिव सहित सभी अधिकारियों ने गौसेवा के लिए गौशाला में दान भी किया और गायों को गुड़ भी खिलाया। अपर मुख्य सचिव नगर विकास डा. रजनीश दूबे, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह व सी.डी.ओ. विजय कुमार आदि अफसरों के साथ आज सुबह नवादा रोड़ स्थित नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा उपवन गौशाला पहुंचे और गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गौमूत्र प्लांट तथा गौमूत्र से बनायी जा रही गोनाईल (फिनाईल), गोबर से बनायी जा रही वर्मी कम्पोस्ट, दिए, गोबर के कन्डे और लकडिय़ां व बायो गैस प्लांट भी देखा और निगम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने नगर निगम को पूर्णत: आत्मनिर्भर बनाने को लेकर अनेक महत्वपूर्ण सुझाव और निर्देश दिये।
अपर मुख्य सचिव ने लोगों से आह्वान किया कि वे गौशाला में निर्मित गोनाईल, वर्मी कम्पोस्ट आदि का प्रयोग करें। जिससे गौशाला आत्मनिर्भर हो सके और वहां रखे गये गौवंश का पालन-पोषण और बेहतर ढंग से किया जा सके। नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने अपर मुख्य सचिव को बताया कि नगर निगम द्वारा गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गोबर से वर्मी कम्पोस्ट, कन्डे, लकडिय़ां और गोनाईल आदि बनाया जा रहा है तथा इन सबकी बिक्री से करीब साढेघ् चार लाख रूपये की आय हो चुकी है। उन्होंने बताया कि गौशाला में लगभग पौने तीन सौ गौवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है।
नगरायुक्त ने बताया कि निगम के कर्मचारियों को गोबर से पेन्ट बनाने की ट्रेनिंग दिला दी गयी है और कुछ ही दिनों में गौशाला में गोबर से पेन्ट बनाने का काम शुरू हो जायेगा। अपर मुख्य सचिव ने गौशाला के बीच में भव्य रूप से बनाये जा रहे काऊ कटलिंग सेन्टर और यज्ञशाला का भी निरीक्षण किया और उसके लिए नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह तथा गौशाला का कार्य देख रहे लिपिक मुकेश कुमार की प्रशंसा की।
नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. संदीप मिश्रा ने अपर सचिव को गायों की चिकित्सीय व्यवस्था के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि समय-समय पर सभी गायों का स्वास्थय परीक्षण भी किया जाता है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त राजेश यादव, नगर स्वास्थय अधिकारी डा. कुनाल जैन, सफाई निरीक्षक अमित तोमर आदि भी मौजूद रहे।