महेंद्र सैनी जिलाध्यक्ष व राकेश जैन बने महानगर अध्यक्ष

महेंद्र सैनी जिलाध्यक्ष व राकेश जैन बने महानगर अध्यक्ष

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया में भाजपा हाईकमान ने निवर्तमान जिला महामंत्री महेंद्र सैनी को भाजपा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है, वहीं दूसरी ओर महानगर अध्यक्ष पद पर राकेश जैन पर विश्वास जताते हुए पुन: जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि भाजपा की सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला चुनाव अधिकारी व माटी कला बोर्ड के चेयरमैन धर्मवीर प्रजापति के समक्ष 61 प्रत्याशियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जबकि महानगर में चुनाव अधिकारी व बदायूं के विधायक राजीव कुमार सिंह के समक्ष 22 लोगों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे जिसके चलते जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष के चयन की जिम्मेदारी भाजपा हाईकमान को सौंपी गई थी। भाजपा हाईकमान ने अपने पत्ते खोलते हुए जिलाध्यक्ष पद पर पुराने व निष्ठावान पदाधिकारी डा. महेंद्र सैनी पर विश्वास जताते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी को जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चौ. राजपाल सिंह का करीबी माना जाता है। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर जनपद के किसी अति पिछड़ा वर्ग के व्यक्ति की ताजपोशी की संभावना जताई जा रही थी, परंतु जनपद में गुटों में बंटी भाजपा को मजबूत बनाने के लिए पार्टी हाईकमान ने डा. महेंद्र सैनी पर विश्वास जताते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष पद की कमान सौंपी हैं।

जबकि महानगर में पुन: अध्यक्ष नियुक्त किए गए राकेश जैन की नियुक्ति के पीछे उनका पिछला कार्यकाल पूरा नहीं होना माना जा रहा है जिसके चलते एक बार फिर राकेश जैन महानगर अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने में सफल रहे।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे