ट्रेन से कटकर मजदूर की मौत, क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

देवबंद/तल्हेड़ी बुजुर्ग। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर रेल मार्ग पर स्थित साखन कलां रेलवे फाटक के पास बृहस्पतिवार सुबह ट्रेन से कटकर एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास किए। मृतक की पहचान तल्हेड़ी बुजुर्ग गांव निवासी संजय कुमार (30) के रुप में हुई है।

साखन कलां रेलवे फाटक से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा देख हड़कंप मच गया। फाटक पर तैनात गेटमैन ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस के मुताबिक सुबह लगभग आठ बजे के आसपास उन्हें जानकारी मिली। मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया गया। तलाशी में उसकी जेब से कुछ भी ऐसा नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। उसके संबंध में व्हाटसअप से आसपास के ग्राम प्रधानों को सूचना भेजी गई। जिसके बाद उसकी शिकायत संजय कुमार के रुप में हुई। पुलिस का कहना है कि यह हादसा है या खुदकुशी पुलिस इसकी जांच कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि संजय बेहद मेहनती व्यक्ति था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं।


Leave a Reply