किसान दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे, समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चैहान के निर्देशन में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नवीन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के करीब 150 किसानों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।
सीडीओ ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने और पात्र किसानों को उनका लाभ दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने लम्पी रोग प्रभावित क्षेत्रों में वैक्सीनेशन कैंप लगाने, झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध कार्रवाई, नकली पेस्टीसाइड के खिलाफ अभियान चलाने तथा किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने के निर्देश भी दिए। किसान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने को भी कहा गया। उप कृषि निदेशक सन्दीप पाल ने किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में फार्मर आईडी महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन बुकिंग की गई है और 21 अगस्त को कलेक्ट्रेट सभागार में ई-लॉटरी कराई जाएगी। जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार ने किसानों से खाद एवं पेस्टीसाइड खरीदते समय बिल अवश्य लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नकली खाद या दवा मिलने पर बिल के आधार पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ जांच एवं कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी। पशुपालन विभाग के डॉ. संजीव कुमार ने लम्पी बीमारी से बचाव के उपाय बताए और पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उन्हें अन्य पशुओं से अलग रखने तथा टीकाकरण कराने की अपील की। किसान दिवस में भाकियू जिलाध्यक्ष नरेश स्वामी ने किसानों के गन्ना बकाया भुगतान, शुगर मिलों से मैली खाद निशुल्क उपलब्ध कराने तथा किसानों की सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण नहीं करने की मांग उठाई।
नकुड़ क्षेत्र के किसान सोरण सिंह ने राजकीय नलकूप संख्या-188 की बंद पाइपलाइन खुलवाकर खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की मांग रखी। किसान संजय सैनी ने सहजन (मोरिंगा) सहित मकोय, बकुंबर, दूब घास और चिरायता जैसी औषधीय फसलों की खेती के माध्यम से किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में एस.के. मौर्य, डॉ. कर्मवीर यादव, गमपाल सिंह, रमेशचन्द वर्मा, सुनील कुमार यादव, नीटू सिंह, नितिन कुमार, जितेन्द्र कुमार, एस.के. रमन, सैय्यद साईन हुसैन, विनोद कुमार सैनी, सलीम अहमद, सुधाकर सिंह, शान्ति स्वरूप कुशवाह, डॉ. मनोज सिंह, ओमबीर सिंह, धनराज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
